- मझिआंव नगर पंचायत के वार्ड नंबर 1 में जुलूस के दौरान हमला, पुलिस जांच में जुटी
Samachar Post रिपोर्टर,गढ़वा :झारखंड के गढ़वा जिला में नवनिर्वाचित वार्ड पार्षद के विजय जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि मामला मझिआंव नगर पंचायत का है। वार्ड संख्या 1 से नवनिर्वाचित पार्षद प्रदीप साव चुनाव जीतने के बाद अपने समर्थकों के साथ विजय जुलूस निकालकर क्षेत्र की जनता का आभार जता रहे थे। जुलूस जैसे ही अखौरी टोला पहुंचा, वहां मौजूद दूसरे पक्ष के लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। कुछ ही मिनटों में पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यह भी पढ़ें :रामगढ़ में दानी यादव हत्याकांड का खुलासा, हथियार के साथ एक आरोपी गिरफ्तार
पुलिस पहुंची, आरोपी फरार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों पक्षों के अधिकांश लोग वहां से निकल चुके थे। वार्ड पार्षद की ओर से थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। जिला पुलिस अधीक्षक ने व्हाट्सऐप के जरिए मामले की पुष्टि करते हुए कहा है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन पुलिस एहतियातन निगरानी बनाए हुए है।
Reporter | Samachar Post