Samachar Post रिपोर्टर,धनबाद :झारखंड में हाथियों और इंसानों के बीच टकराव लगातार बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। पिछले एक महीने में हाथी हमलों में तीन दर्जन से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। इसी बीच पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद रेल मंडल में सोमवार शाम एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने रेलवे प्रशासन की चिंता बढ़ा दी।
यह भी पढ़ें :पुंदाग रेलवे ट्रैक पर अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
ट्रैक पर पहुंचा हाथियों का झुंड
महुआमिलान और निद्रा स्टेशन के बीच अचानक हाथियों का झुंड रेलवे ट्रैक पर आ गया और काफी देर तक पटरी पर ही घूमता रहा। सुरक्षा कारणों से रेलवे ने तुरंत उस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही रोक दी। धनबाद से डालटनगंज जाने वाली लाइन प्रभावित रही। कुछ ट्रेनों को रास्ते में रोका गया, जबकि कुछ को नजदीकी स्टेशनों पर खड़ा किया गया, जिससे यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ा।
कई ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित
जब हाथी ट्रैक से नहीं हटे, तो रेलवे ने कई ट्रेनों का रूट बदल दिया। हावड़ा-भोपाल एक्सप्रेस को बरकाकाना में रोककर हजारीबाग टाउन, कोडरमा और गया के रास्ते भेजा गया। इसके अलावा निम्न ट्रेनों का मार्ग भी परिवर्तित किया गया हावड़ा-जबलपुर शक्तिपुंज एक्सप्रेस, रांची-नई दिल्ली गरीब रथ एक्सप्रेस, बरकाकाना-पटना पलामू एक्सप्रेस, रांची-सासाराम एक्सप्रेस, रांची-वाराणसी एक्सप्रेस, संबलपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस, बनारस-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस, पटना-टाटा वंदे भारत एक्सप्रेस, पटना-बरकाकाना पलामू एक्सप्रेस शामिल है। कुछ ट्रेनों को बरकाकाना-हजारीबाग टाउन-कोडरमा-गया रूट से चलाया गया, जबकि अन्य को गढ़वा रोड-गया-गोमो-बोकारो-मूरी मार्ग से डायवर्ट किया गया।
सुरक्षा को प्राथमिकता
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ट्रेनों को तब तक आगे नहीं बढ़ाया गया, जब तक हाथी ट्रैक से पूरी तरह हट नहीं गए। फिलहाल ट्रेन संचालन सामान्य हो गया है, लेकिन यह घटना एक बार फिर झारखंड में मानव-वन्यजीव टकराव की गंभीरता को उजागर करती है।
Reporter | Samachar Post