Samachar Post रिपोर्टर, कोडरमा: झारखंड के कोडरमा जंक्शन से गुजरने वाले रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। 1 मार्च से कोयंबटूर-धनबाद के बीच नई सुपरफास्ट ट्रेन अमृत भारत एक्सप्रेस का परिचालन शुरू हो रहा है। साथ ही होली पर्व के मद्देनजर कई प्रमुख ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़े गए हैं, ताकि त्योहार के समय बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को संभाला जा सके।
धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस 1 मार्च से
अमृत भारत एक्सप्रेस 1 मार्च से कोयंबटूर से धनबाद के बीच चलेगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 2 फरवरी को इसकी औपचारिक घोषणा की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन सुपरफास्ट श्रेणी में चलेगी और उसका नंबर उसी श्रेणी के अनुरूप रखा गया है। ट्रेन गोमो, पारसनाथ, कोडरमा और गया होते हुए गुजरेगी, जिससे झारखंड और बिहार के यात्रियों को दक्षिण भारत से सीधे संपर्क की सुविधा मिलेगी। इसमें केवल नॉन-एसी स्लीपर कोच होंगे, जिससे मध्यम और सामान्य वर्ग के यात्री किफायती किराये में लंबी दूरी की यात्रा कर पाएंगे।
यह भी पढ़ें: बुंडू में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रेलर ने युवक को कुचला, मौके पर मौत
होली पर तीन प्रमुख ट्रेनों में अतिरिक्त कोच
होली के मद्देनजर रेलवे ने कोडरमा जंक्शन से गुजरने वाली तीन प्रमुख ट्रेनों में अतिरिक्त बोगियां जोड़ने का निर्णय लिया है:
- 19607 कोलकाता-मदार एक्सप्रेस: 5 अप्रैल तक सेकेंड एसी कोच बढ़ाए जाएंगे।
- 19608 मदार-कोलकाता एक्सप्रेस: 2 मार्च से 30 मार्च तक एक सेकेंड एसी कोच जोड़ा जाएगा।
- 12987 सियालदह-अजमेर एक्सप्रेस और 12988 अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस: मार्च के दौरान फर्स्ट एसी कोच अतिरिक्त जोड़े जाएंगे।
- 12495 बीकानेर-कोलकाता प्रताप एक्सप्रेस और 12496 कोलकाता-बीकानेर प्रताप एक्सप्रेस: मार्च में थर्ड एसी और स्लीपर कोच बढ़ाए जाएंगे।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इन अतिरिक्त कोचों से यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी और त्योहार के समय यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी।
यात्रियों को मिलेगा फायदा
नई ट्रेन और अतिरिक्त कोचों से कोडरमा, धनबाद और आसपास के क्षेत्र के यात्रियों को सीधे लाभ मिलेगा। धनबाद और कोडरमा से कटपाड़ी तथा दक्षिण भारत की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह सुविधा आसान और किफायती साबित होगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।