- मलेशिया में आयोजित अंडर-14 राष्ट्रमंडल शतरंज चैंपियनशिप 2025 में स्वर्ण पदक जीतकर लौटे अधिराज, सीएम ने दी बधाई
Samachar Post रिपोर्टर,रांची :झारखंड के लिए गौरव का क्षण तब और खास बन गया, जब राष्ट्रमंडल शतरंज चैंपियनशिप 2025 (अंडर-14) में स्वर्ण पदक जीतने वाले युवा खिलाड़ी अधिराज मित्रा ने शनिवार को कांके रोड स्थित सीएम आवासीय कार्यालय में हेमंत सोरेन से मुलाकात की। 7 से 16 नवंबर 2025 तक मलेशिया में आयोजित राष्ट्रमंडल शतरंज चैंपियनशिप में अधिराज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता में राष्ट्रमंडल देशों के कई मजबूत और अनुभवी खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। सीएम से मुलाकात के दौरान अधिराज ने बताया कि प्रतियोगिता बेहद चुनौतीपूर्ण थी, लेकिन उन्होंने कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर जीत हासिल की।
यह भी पढ़ें :रांची सिविल कोर्ट को RDX विस्फोट की धमकी, ईमेल के बाद सुरक्षा चाक-चौबंद
जमशेदपुर के लोयोला स्कूल के छात्र
अधिराज मित्रा जमशेदपुर के निवासी हैं और लोयोला स्कूल जमशेदपुर में 8वीं कक्षा के छात्र हैं। इतनी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। उनकी इस सफलता से परिवार के साथ-साथ पूरा झारखंड गर्व महसूस कर रहा है।
सीएम ने दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अधिराज को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि झारखंड के खिलाड़ियों में प्रतिभा और जुनून की कोई कमी नहीं है। राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने अधिराज के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और विश्वास जताया कि वे आगे भी देश और राज्य का नाम ऊंचा करेंगे।
Reporter | Samachar Post