Samachar Post रिपोर्टर,सरायकेला :सरायकेला जिले के जिलिंगगोड़ा गांव में गुरुवार को शोक की लहर दौड़ गई। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के पोते वीर सोरेन के असामयिक निधन से पूरा इलाका गमगीन रहा। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा रहा और लोगों की आंखें नम दिखीं।
अंतिम संस्कार में पहुंचे सीएम हेमंत सोरेन
दिवंगत वीर सोरेन के अंतिम संस्कार में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वयं शामिल हुए। उन्होंने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। सीएम ने कहा कि वीर सोरेन का असामयिक निधन न केवल परिवार, बल्कि पूरे राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुख की घड़ी में संबल देने की प्रार्थना की।
यह भी पढ़ें :वीर सोरेन का पार्थिव शरीर पहुंचते ही गांव में छाया शोक, रो पड़े पूर्व सीएम चंपाई सोरेन
जनसैलाब उमड़ा, नम आंखों से दी विदाई
अंत्येष्टि कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुसार अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। पूरे गांव में शोक का माहौल रहा और हर कोई नम आंखों से वीर सोरेन को अंतिम विदाई देता नजर आया।
Reporter | Samachar Post