- मनोहरपुर-चाईबासा मुख्य मार्ग पर टोंटोगाढ़ा के पास मिला विस्फोटक, ढाई घंटे बाधित रहा यातायात
Samachar Post रिपोर्टर,चाईबासा :झारखंड के चाईबासा जिले में गुरुवार सुबह सुरक्षाबलों ने बड़ी नक्सली साजिश को नाकाम कर दिया। छोटानागरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मनोहरपुर-चाईबासा मुख्य मार्ग पर टोंटोगाढ़ा गांव के पास एक शक्तिशाली IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) बरामद किया गया, जिसे बाद में सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नक्सलियों ने किरिबुरु और छोटानागरा थाना क्षेत्र में गश्ती दल को निशाना बनाने के इरादे से विस्फोटक लगाया था।
यातायात रोका गया, मचा हड़कंप
सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में अलर्ट जारी कर दिया। सुबह करीब 9:30 बजे मनोहरपुर-चाईबासा मुख्य मार्ग पर दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। करीब ढाई घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया।
यह भी पढ़ें :तमिलनाडु के पर्यटकों से भरी ट्रैवलर की ट्रक से टक्कर, एक की मौत; 19 घायल
बम निरोधक दस्ते की कार्रवाई
इलाके की घेराबंदी के बाद बम निरोधक दस्ते ने सर्च ऑपरेशन चलाया। तलाशी के दौरान टोंटोगाढ़ा गांव के समीप IED बरामद हुआ। सुरक्षाबलों ने विस्फोटक को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर डिफ्यूज कर नष्ट कर दिया। सुरक्षाबलों की तत्परता और समय पर कार्रवाई से एक बड़ी दुर्घटना टल गई। अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें और अफवाहों से बचें।
Reporter | Samachar Post