Samachar Post रिपोर्टर,रांची :राजधानी में मतदान को लेकर सुबह से ही उत्साह का माहौल देखने को मिला। लोकतंत्र के इस महापर्व में आम मतदाताओं के साथ जनप्रतिनिधियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। भाजपा सांसद दीपक प्रकाश ने अपने परिवार के साथ मतदान केंद्र पहुंचकर मताधिकार का प्रयोग किया और लोगों से भी मतदान करने की अपील की। मतदान के बाद सांसद ने कहा, आज लोकतंत्र का उत्सव है। अपने अधिकार और कर्तव्य का पालन करना हम सभी की जिम्मेदारी है। मैंने परिवार के साथ मतदान किया ताकि हर नागरिक समझे कि एक-एक वोट की अहमियत होती है।
यह भी पढ़ें :भाजपा समर्थित रांची मेयर उम्मीदवार रौशनी खलखो ने डाला वोट, मतदाताओं से की अपील
मतदाताओं से खास अपील
दीपक प्रकाश ने रांचीवासियों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने का आग्रह करते हुए कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए हर वोट जरूरी है। उन्होंने कहा कि मतदाता अपने विवेक से ऐसे प्रतिनिधियों का चयन करें जो राष्ट्रहित, विकास और जनसेवा के लिए समर्पित हों।
मतदान केंद्रों पर दिखा उत्साह
शहर के विभिन्न मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लंबी कतारें देखी गईं। खासकर युवाओं और पहली बार वोट डालने वाले मतदाताओं में उत्साह नजर आया। कई परिवार एक साथ मतदान करने पहुंचे, जिससे लोकतांत्रिक जागरूकता की सकारात्मक तस्वीर सामने आई। सांसद का परिवार संग मतदान करना भी मतदाताओं के लिए प्रेरणादायक रहा और इससे मतदान प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
Reporter | Samachar Post