Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड निकाय चुनाव के तहत सोमवार 23 फरवरी को बुंडू नगर पंचायत में मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई। सुबह वोटिंग शुरू होने से पहले ही कई केंद्रों पर मतदाता कतार में खड़े नजर आए। स्थानीय स्तर पर चुनाव को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी बढ़-चढ़कर लोकतंत्र के इस पर्व में हिस्सा ले रहे हैं।
अध्यक्ष और 13 पार्षद पदों के लिए मुकाबला
बुंडू नगर पंचायत में इस बार एक अध्यक्ष और 13 वार्ड पार्षद पदों के लिए चुनाव हो रहा है। कुल 16,625 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 8,168 पुरुष, 8,457 महिला मतदाता शामिल हैं। महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक होना स्थानीय निकाय चुनाव में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का संकेत माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें: रांची में दिख रहा मतदाताओं में जोश, बढ़-चढ़कर कर रहे मतदान
6 बूथों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए कुल 16 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 15 केंद्र सामान्य 1 केंद्र संवेदनशील घोषित हर बूथ पर पोलिंग पार्टी, दंडाधिकारी और पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल तैनात हैं। प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
बुजुर्ग और दिव्यांगों के लिए खास इंतजाम
अनुमंडल पदाधिकारी किस्टो कुमार बेसरा ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। मतदान केंद्रों पर व्हीलचेयर अलग कतार आवश्यक सहयोग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, ताकि सभी मतदाता बिना परेशानी अपना वोट डाल सकें।
27 फरवरी को आएगा नतीजा
प्रशासन ने मतदाताओं से बेखौफ होकर मतदान करने की अपील की है। मतदान समाप्त होने के बाद 27 फरवरी को मतगणना होगी। सुबह से दिख रहे उत्साह और भीड़ से साफ है कि बुंडू की जनता अपने नगर की सरकार चुनने को लेकर पूरी तरह जागरूक और उत्साहित है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।