Samachar Post रिपोर्टर, बोकारो : बोकारो जिले की सुरक्षित मानी जाने वाली एलआईसी कॉलोनी में दिन के उजाले में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। सेक्टर-6 थाना क्षेत्र स्थित एलआईसी कॉलोनी के जीवन कुटीर परिसर में मकान नंबर E-2 को निशाना बनाकर चोरों ने अलमारी से करीब 32 लाख रुपये के आभूषण और 60 हजार रुपये नकद उड़ा लिए। घटना के समय पूरा परिवार घर पर मौजूद नहीं था।
शादी का कार्ड देने पहुंचे दोस्त ने देखा टूटा ताला
चोरी की जानकारी तब सामने आई जब परिवार का एक मित्र शादी का निमंत्रण देने घर पहुंचा। उसने मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देखा और तुरंत फोन कर परिजनों को सूचना दी। घर लौटने पर परिजनों ने जांच की तो अलमारी से कीमती गहने और नकदी गायब मिले, जबकि घर के अन्य सामान सुरक्षित थे।
यह भी पढ़ें: बेटी की शादी के लिए रखा कर्ज का पैसा और जेवर चोरी, सूने घर को बनाया निशाना
मथुरा गए थे मकान मालिक, लौटने पर खुला राज
बताया गया कि मकान मालिक और एलआईसी अधिकारी मनीष सहाय 12 फरवरी को पत्नी के साथ मथुरा गए थे। उनकी बेटी अंजलि ने बताया कि कोलकाता से लौटने के बाद जब घर की तलाशी ली गई तो करीब 32 लाख रुपये के जेवर और 60 हजार रुपये नकद चोरी होने की पुष्टि हुई। उन्होंने कहा, “मैंने अपना बचपन इसी कॉलोनी में बिताया है। यहां हमेशा सुरक्षा गार्ड तैनात रहते हैं, इसके बावजूद ऐसी घटना होना चौंकाने वाला है।”
कड़ी सुरक्षा के बावजूद चोरी पर सवाल
एलआईसी कॉलोनी में चार सुरक्षा गार्ड तैनात रहते हैं और आने-जाने वालों की एंट्री रजिस्टर में दर्ज की जाती है। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड जटाधारी महतो के अनुसार, चोरी की जानकारी शाम को मिली। शिवरात्रि पूजा के कारण कॉलोनी में बाहरी लोगों की आवाजाही सीमित थी, इसके बावजूद चोर वारदात को अंजाम देने में सफल रहे।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
सूचना मिलते ही सेक्टर-6 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी डीएसपी आलोक रंजन ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिवार से पूछताछ की। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मकान मालिक कई दिनों से बाहर थे और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जल्द ही चोरों और चोरी गए सामान का सुराग लगाने का दावा किया जा रहा है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।