Samachar Post रिपोर्टर, पटना : पटना समेत पूरे बिहार में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन को लेकर नियम और सख्त कर दिए गए हैं। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस नियामक बोर्ड की नई गाइडलाइंस के तहत अब रसोई में खिड़की या पर्याप्त वेंटिलेशन होना अनिवार्य कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि इसका मकसद गैस रिसाव की स्थिति में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
खिड़की न होने से अटके हजारों कनेक्शन
सूत्रों के मुताबिक, बिहार में करीब 40 हजार घरों को अभी तक पीएनजी कनेक्शन नहीं मिल पाया है, क्योंकि उनकी रसोई में खिड़की या पर्याप्त वेंटिलेशन नहीं है। इनमें अकेले पटना के लगभग 5 हजार घर शामिल हैं। एक गैस कंपनी अधिकारी ने बताया कि अपार्टमेंट, मकान, हॉस्टल या किसी भी आवासीय भवन में रसोई की खिड़की जरूरी है। बिना खिड़की के कनेक्शन नहीं दिया जा सकता। हालांकि कुछ वैकल्पिक उपाय सुझाए जा रहे हैं, लेकिन सबसे सुरक्षित तरीका रसोई में हवा के सुचारू प्रवाह को बनाए रखना है।
PNG कनेक्शन के लिए क्या-क्या जरूरी
पीएनजी कनेक्शन पाने के लिए अब ये शर्तें अनिवार्य कर दी गई हैं, रसोई में पर्याप्त वेंटिलेशन या खिड़की, खुली जगह और पर्याप्त रोशनी, मानकों के अनुसार पाइप फिटिंग लीकेज टेस्ट, सेफ्टी वाल्व और रेगुलेटर की जांच इन उपायों से न केवल गैस रिसाव का खतरा कम होता है, बल्कि आपात स्थिति में गैस या धुआं जल्दी बाहर निकल पाता है।
यह भी पढ़ें: सुशील श्रीवास्तव हत्याकांड: 11 साल बाद पलटा फैसला, उम्रकैद काट रहे 5 दोषियों की रिहाई का आदेश
सुरक्षा बढ़ेगी, हादसों का खतरा घटेगा
विशेषज्ञों के अनुसार, पीएनजी एक ज्वलनशील गैस है। अगर रसोई में खिड़की होगी तो हवा का बहाव बना रहेगा और गैस जमा नहीं होगी। इससे विस्फोट या दम घुटने जैसी घटनाओं की आशंका काफी कम हो जाती है। साथ ही वेंटिलेशन के जरिए कार्बन मोनोऑक्साइड जैसी हानिकारक गैसें भी बाहर निकलती रहती हैं।
2030 तक 38 लाख घरों तक गैस पहुंचाने का लक्ष्य
गैस मंत्रालय की योजना के तहत बिहार में वर्ष 2030 तक करीब 38 लाख घरों तक पीएनजी कनेक्शन पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें पटना में लगभग 2 लाख घरों को कवर करने की योजना है। फिलहाल पूरे बिहार में करीब 2.90 लाख घरों में पीएनजी कनेक्शन दिए जा चुके हैं, जबकि पटना में यह संख्या लगभग 29 हजार है। अधिकारियों के अनुसार, जैसे-जैसे पीएनजी नेटवर्क का विस्तार होगा, रसोई की सुरक्षा और वेंटिलेशन को लेकर नियमों में और सख्ती की जाएगी, ताकि हर घर सुरक्षित रहे और गैस उपयोग के दौरान किसी भी तरह की दुर्घटना न हो।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।