Samachar Post रिपोर्टर, रांची :रांची के बरियातु इलाके में गुरुवार को नगर निगम की सफाई और अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान अचानक विवाद खड़ा हो गया। कार्रवाई के बीच पहुंचे पूर्व पार्षद मोहम्मद जावेद पर निगम टीम के साथ दुर्व्यवहार और तीखी बहस करने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, नगर निगम की टीम इलाके में नियमित सफाई अभियान चला रही थी। सड़कों के किनारे जमा कचरा हटाया जा रहा था और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को चिन्हित किया जा रहा था। इसी दौरान पूर्व पार्षद मौके पर पहुंचे और टीम के साथ उनकी कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि देखते ही देखते बहस तेज हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। निगम टीम का आरोप है कि उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया।
मौके पर जुटी भीड़, बढ़ा तनाव
घटना की सूचना फैलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए। कुछ लोगों ने निगम की कार्रवाई का समर्थन किया, जबकि कुछ स्थानीय लोगों ने अपनी परेशानियां भी सामने रखीं। स्थिति कुछ समय के लिए पूरी तरह गरमा गई। हालांकि मौजूद अधिकारियों और स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत कराया गया।
यह भी पढ़ें :डालटनगंज पहुंची धनबाद–भोपाल एक्सप्रेस, पलामू-गढ़वा को मिली सीधी रेल कनेक्टिविटी
पहले जारी किए गए थे नोटिस
बताया जा रहा है कि रांची नगर निगम द्वारा इलाके में पहले ही नोटिस जारी किए गए थे। निगम का कहना है कि यह नियमित अभियान का हिस्सा था और शहर को स्वच्छ व व्यवस्थित बनाने के लिए ऐसे ड्राइव लगातार चलाए जा रहे हैं। घटना का वीडियो किसी ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है। वीडियो में निगम टीम और पूर्व पार्षद के बीच तीखी बहस देखी जा सकती है। हालांकि, वायरल वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
Reporter | Samachar Post