Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड की प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्था बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के कैंपस में बुधवार को ‘ARAC-2026’ एलुमनाई मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस खास मौके पर देश के अलग-अलग हिस्सों से आए पूर्व छात्रों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। भले ही कार्यक्रम में शामिल अधिकांश पूर्व छात्र सेवानिवृत्त हो चुके हों, लेकिन कैंपस में कदम रखते ही उनका जोश और ऊर्जा देखते ही बन रही थी। परिवार के साथ पहुंचे कई पूर्व छात्र अपने पुराने सहपाठियों और शिक्षकों से मिलकर भावुक नजर आए। बातचीत, हंसी-मजाक और यादों के जरिए सभी ने अपने कॉलेज के दिनों को फिर से जीवंत कर लिया।
कुलपति बोले, एलुमनाई ही विश्वविद्यालय की असली पहचान
कार्यक्रम का उद्घाटन कुलपति डॉ. एस.सी. दुबे ने किया। उन्होंने कहा कि किसी भी विश्वविद्यालय की असली ताकत उसकी इमारतें नहीं, बल्कि वहां से निकलने वाले छात्र और पूर्व छात्र होते हैं। इस अवसर पर एक विशेष स्मारिका का भी विमोचन किया गया, जिसमें पूर्व छात्रों के अनुभव, संस्मरण और लेख शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: पार्षद प्रत्याशी के कार्यालय पर पुलिस का लाठीचार्ज, तीन समर्थक घायल
डॉ. हेमंत कुमार तांतिया बने ‘गेस्ट ऑफ ऑनर’
मुंबई में कस्टम एवं जीएसटी विभाग के जॉइंट कमिश्नर डॉ. हेमंत कुमार तांतिया (IRS) इस कार्यक्रम में गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने कॉलेज के दिनों की यादें साझा कीं और देशभक्ति गीत ‘भारत मां की संतान हम’ की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। इस गीत की सराहना पहले भी पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कर चुके हैं।
डॉ. तांतिया ने युवा छात्रों को अनुशासन, ईमानदारी और राष्ट्र सेवा का संदेश दिया तथा झारखंड की संस्कृति पर आधारित अपनी रचनाएं भी प्रस्तुत कीं।
मंच पर दिखे दिग्गज पूर्व छात्र और शिक्षक
कार्यक्रम में डॉ. निलिमा केरकेट्टा, कृषि विभाग के डीन डॉ. डी.के. शाही सहित डॉ. मनीगोपा चक्रवर्ती, अशोक ठाकुर, डॉ. केके सहाय, डॉ. असीम सरकार, डॉ. अरुण तिवारी, डॉ. ए. वदूद, डॉ. बीके सिंह और डॉ. शिवा जैसे कई वरिष्ठ शिक्षाविद और पूर्व छात्र मौजूद रहे। ‘ARAC-2026’ मिलन समारोह ने यह साबित कर दिया कि समय कितना भी बीत जाए, अपने विश्वविद्यालय और सहपाठियों से जुड़ाव कभी कम नहीं होता। BAU का यह आयोजन यादों, प्रेरणा और भावनाओं का संगम बनकर सभी के लिए खास रहा।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।