Samachar Post रिपोर्टर, रांची : अभिषेक चौधरी ने झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के खिलाफ झारखंड हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। उन्होंने संघ की चुनाव प्रक्रिया और कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अभिषेक, दिवंगत अमिताभ चौधरी के बेटे हैं, जो भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के पूर्व कार्यवाहक सचिव और जेएससीए के पूर्व अध्यक्ष रह चुके थे।
चुनाव में अनियमितता का आरोप
याचिका में दावा किया गया है कि संघ के पिछले चुनाव में नियमों का पालन नहीं किया गया। अभिषेक चौधरी का आरोप है कि कुछ लोगों ने प्रक्रिया को दरकिनार कर पदों पर कब्जा किया। अंतरिम आवेदन में चुनाव प्रक्रिया को अपारदर्शी बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि कई अहम फैसले बंद कमरे में लिए गए, जिससे पारदर्शिता पर सवाल खड़े होते हैं।
यह भी पढ़ें: धनबाद सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, कोर्ट खाली कराकर सघन तलाशी
भारत-दक्षिण अफ्रीका मैच का जिक्र
याचिका में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच रांची में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय मैच का भी हवाला दिया गया है। अभिषेक का कहना है कि उस मुकाबले के आयोजन में अव्यवस्था देखने को मिली थी। आरोप है कि अयोग्य व्यक्तियों को जिम्मेदारी सौंपे जाने से पूरे आयोजन पर असर पड़ा और दर्शकों को असुविधा हुई।
हाईकोर्ट में सुनवाई
मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश एम. एस. सोनक और न्यायमूर्ति राजेश शंकर की पीठ में हुई। अदालत ने पहले याचिका में बताई गई कुछ तकनीकी खामियों को दूर करने का निर्देश दिया था। अब औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं और अगली सुनवाई की तारीख तय की जाएगी। फिलहाल, इस याचिका के बाद झारखंड क्रिकेट प्रशासन में हलचल तेज हो गई है और सभी की नजरें अदालत के आगामी फैसले पर टिकी हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।