Samachar Post डेस्क, रांची :भारतीय क्रिकेट स्टार विराट कोहली ने बुधवार को विजय हजारे ट्रॉफी में वापसी करते हुए लिस्ट ए क्रिकेट में 16,000 रन पूरे कर लिए। यह उपलब्धि उन्होंने दिल्ली की ओर से आंध्र प्रदेश के खिलाफ बेंगलुरु स्थित BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में हासिल की। इस रिकॉर्ड के साथ कोहली सचिन तेंदुलकर के बाद 16,000 लिस्ट ए रन बनाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। कोहली ने यह आंकड़ा केवल 343 मैचों में हासिल किया और ऐसे करने वाले दुनिया के नौवें बल्लेबाज बन गए। उनसे पहले यह कारनामा ग्राहम गूच, ग्रेम हिक, सचिन तेंदुलकर, कुमार संगकारा, विवियन रिचर्ड्स, रिकी पोंटिंग, गॉर्डन ग्रीनिज और सनथ जयसूर्या कर चुके हैं। खास बात यह है कि इनमें कोहली का औसत सबसे बेहतर 57.34 है। वनडे क्रिकेट में उनका प्रदर्शन भी शानदार रहा है। उन्होंने 308 वनडे मैचों में 14,557 रन बनाए हैं और इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा 53 शतक अपने नाम किए हैं।
यह भी पढ़ें :बिहार के 14 साल के क्रिकेट स्टार ने विजय हजारे ट्रॉफी में रचा इतिहास
कोहली बनाम सचिन तेंदुलकर
हालांकि लिस्ट ए क्रिकेट में कुल रन और शतक के मामले में कोहली अभी सचिन तेंदुलकर से पीछे हैं। सचिन ने 21,999 रन और 60 शतक बनाए हैं, जबकि कोहली के नाम 16,000 रन और 58 शतक दर्ज हैं। इस मैच में आंध्र प्रदेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 298 रन बनाए। जवाब में दिल्ली ने 30 ओवर में 2 विकेट पर 245 रन बना लिए थे, जिसमें विराट कोहली 118 रन और नितीश राणा 51 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे।
लिस्ट ए क्रिकेट क्या है?
List A क्रिकेट में एक दिन के मैच (50 ओवर या कुछ मामलों में 40 ओवर) शामिल होते हैं। इसमें अंतरराष्ट्रीय वनडे और घरेलू वनडे दोनों शामिल होते हैं। इसे वनडे फॉर्मेट का घरेलू या अंतरराष्ट्रीय स्तर कहा जा सकता है।
Reporter | Samachar Post