Samachar Post डेस्क, रांची :भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चल रही टी-20 सीरीज का तीसरा मुकाबला रविवार को धर्मशाला में खेला जाएगा। मैच से पहले टीम इंडिया शनिवार को अभ्यास सत्र में हिस्सा लेगी। बीसीसीआई द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार भारतीय टीम शाम 7:30 बजे से रात 10 बजे तक नेट प्रैक्टिस करेगी। दक्षिण अफ्रीका की टीम के लिए भी अभ्यास सत्र निर्धारित था, लेकिन सूत्रों के मुताबिक मेहमान टीम मैदान पर अभ्यास नहीं करेगी और केवल प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाग लेगी। दोनों टीमें शुक्रवार को चार्टर प्लेन के जरिए चंडीगढ़ से गगल एयरपोर्ट पहुंच चुकी हैं।
यह भी पढ़ें :कोलकाता पहुंचे लियोनेल मेसी, प्रशंसकों ने किया जोरदार स्वागत
मौसम में बदलाव के आसार
मैच से एक दिन पहले धर्मशाला के मौसम में बदलाव देखा गया है। सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं और रात के समय ठंड बढ़ने की संभावना है। हालांकि बारिश की कोई आशंका नहीं है, लेकिन धौलाधार की पहाड़ियों पर हल्का हिमपात हो सकता है। ऐसे हालात में ठंडी हवाएं गेंदबाजों के लिए मददगार साबित हो सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार दिन का तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 6 से 8 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। धर्मशाला में मुकाबला शाम 7 बजे शुरू होकर रात करीब 11 बजे तक चलेगा। ठंड को देखते हुए हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) ने दर्शकों से गर्म कपड़े साथ लाने की अपील की है।
सीरीज में बढ़त के लिए अहम मुकाबला
पांच मैचों की टी-20 सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है। चंडीगढ़ में खेले गए पिछले मुकाबले में भारत को 51 रन से हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में धर्मशाला में होने वाला यह मैच दोनों टीमों के लिए सीरीज में बढ़त बनाने के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
Reporter | Samachar Post