Samachar Post रिपोर्टर, रांची :टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी गई है। टीम इंडिया में विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन की शानदार वापसी हुई है, जिन्होंने घरेलू क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का भरोसा जीता। ईशान किशन करीब दो साल से भारतीय टीम से बाहर चल रहे थे। हालांकि हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में उनके जबरदस्त प्रदर्शन ने उनकी वापसी की राह आसान कर दी। दो दिन पहले ही ईशान की कप्तानी में झारखंड ने पहली बार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब जीता था।
यह भी पढ़ें :रांची में वीर बिरसा मुंडा साइक्लोथॉन का भव्य आयोजन
फाइनल में शतक, पूरे टूर्नामेंट में धमाकेदार प्रदर्शन
पुणे में खेले गए फाइनल मुकाबले में ईशान किशन ने 49 गेंदों पर 101 रनों की विस्फोटक पारी खेली और झारखंड को ऐतिहासिक जीत दिलाई। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द फाइनल चुना गया। ईशान किशन इस सीजन सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के टॉप स्कोरर भी रहे। उन्होंने 10 मैचों में 197.32 के स्ट्राइक रेट से 517 रन बनाए, जिसमें 2 शतक और 2 अर्धशतक शामिल हैं।
चयन की राह आसान नहीं थी
टीम इंडिया में ओपनर की पोजिशन के लिए अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल और संजू सैमसन जैसे खिलाड़ी मजबूत दावेदार माने जा रहे थे। इसके अलावा लंबे समय तक टीम से बाहर रहने के कारण ईशान किशन की वापसी को मुश्किल माना जा रहा था, लेकिन घरेलू क्रिकेट में निरंतर प्रदर्शन ने समीकरण बदल दिया।
झारखंड की जीत में कप्तानी पारी का बड़ा योगदान
झारखंड की खिताबी जीत में ईशान किशन की कप्तानी और बल्लेबाजी दोनों का अहम योगदान रहा। फाइनल में कुमार कुशाग्र ने भी 38 गेंदों पर 81 रनों की तूफानी पारी खेली। वहीं अनुकूल रॉय को पूरे टूर्नामेंट का प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया।
Reporter | Samachar Post