Samachar Post रिपोर्टर, रांची : हरमू रोड स्थित एस्कॉट इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव बुधवार को उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए शंख हाउस ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया, जबकि दामोदर हाउस को रनरअप घोषित किया गया।
समापन समारोह में स्कूल के प्राचार्य शादान आलम ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल बच्चों में टीम भावना, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं तथा लक्ष्य प्राप्ति की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। विद्यालय के निदेशक कुणाल कश्यप ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। वहीं उप प्राचार्य श्री विकास भार्गव ने खेलों को शिक्षा का अनिवार्य हिस्सा बताते हुए बच्चों को नियमित रूप से खेल गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
कार्यक्रम में कैरम एसोसिएशन के जिला सचिव अशोक डे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल बच्चों को स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, आत्मविश्वास और अनुशासन का पाठ पढ़ाते हैं, जो जीवन के हर क्षेत्र में काम आता है।
विभिन्न खेलों में दिखी बच्चों की प्रतिभा
खेल महोत्सव का शुभारंभ 23 दिसंबर को हुआ था। इस दौरान बिस्कुट रेस, बुक बैलेंसिंग रेस, बोतल रेस, कैरम, बैडमिंटन और बास्केटबॉल जैसी रोचक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। बच्चों ने पूरे जोश और अनुशासन के साथ भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
खेल महोत्सव के सफल आयोजन ने विद्यालय परिसर को खेल भावना और उल्लास से भर दिया। समापन अवसर पर शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों ने आयोजन की सराहना की और विजेता टीमों को शुभकामनाएं दीं।