Samachar Post डेस्क, रांची : रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध एक बार फिर तेज हो गया है। बीती रात रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव और आसपास के इलाकों पर बड़े पैमाने पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए। हमलों के दौरान कई जोरदार विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं, जिससे शहर में दहशत फैल गई।
शांति बैठक से पहले हुआ हमला
यह हमला ऐसे समय में हुआ है, जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के बीच फ्लोरिडा में संभावित शांति वार्ता की तैयारियां चल रही थीं। इस हमले को शांति प्रयासों पर दबाव के तौर पर देखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कल से 3-दिवसीय झारखंड दौरे पर, NIT दीक्षांत सहित जनजातीय कार्यक्रमों में लेंगी भाग
हाइपरसोनिक और बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार रूस ने कीव पर किंझाल हाइपरसोनिक मिसाइल, चार इस्कैंडर बैलिस्टिक मिसाइल और कई कालिब्र क्रूज मिसाइलें दागीं। इसके अलावा बड़ी संख्या में ड्रोन भी राजधानी और आसपास के इलाकों में देखे गए।
बिजली आपूर्ति बाधित, लोगों को शेल्टर में रहने की सलाह
हमले के बाद कीव से करीब 20 किलोमीटर दूर ब्रावरी शहर में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। कीव के मेयर विटाली क्लिचको ने नागरिकों से सुरक्षित स्थानों और शेल्टर में रहने की अपील की। यूक्रेन की एयर फोर्स ने भी हाई अलर्ट जारी किया है।
20-बिंदुओं वाली शांति योजना लगभग तैयार
यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने पहले संकेत दिए थे कि ट्रंप के साथ प्रस्तावित बैठक से शांति समझौते की दिशा में प्रगति हो सकती है। उन्होंने बताया कि 20-बिंदुओं वाली शांति योजना लगभग 90 प्रतिशत पूरी हो चुकी है।
दक्षिणी यूक्रेन में आगे बढ़ने का दावा
रूस ने दावा किया है कि उसके सैनिक दक्षिणी यूक्रेन में मोर्चों पर आगे बढ़ रहे हैं और उन्होंने ज़ारोरिज्जिया क्षेत्र के कोसोव्त्सेवो कस्बे पर कब्जा कर लिया है। रूस के मुताबिक 20 से 26 दिसंबर के बीच किए गए हमलों में ऊर्जा संयंत्र, परिवहन नेटवर्क, हवाई अड्डे और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया।
रूस का दावा – जवाबी कार्रवाई
रूस ने कहा है कि ये हमले यूक्रेन द्वारा रूस के अंदर किए गए हमलों के जवाब में किए गए हैं। रूसी सेना के अनुसार इन अभियानों का उद्देश्य यूक्रेन की सैन्य क्षमता को कमजोर करना है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।