Samachar Post रिपोर्टर, रांची :राजधानी रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र से एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। 21 वर्षीय सजबीन परवीन का शव उसके ससुराल के कमरे से बरामद किया गया। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस मामले की जांच हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से कर रही है। घटना लोअर बाजार थाना क्षेत्र के रमजान कॉलोनी की है। सोमवार रात सजबीन का शव कमरे में मिलने के बाद सूचना मायके पक्ष को दी गई। खबर मिलते ही परिजन रांची पहुंचे और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।
यह भी पढ़ें :रांची में रेलवे ट्रैक पर शख्स की दर्दनाक मौत
मायके पक्ष का आरोप: संपत्ति लाने का दबाव
मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही सजबीन को ससुराल में लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उस पर मायके से संपत्ति में हिस्सा लाने और समय-समय पर पैसे देने का दबाव बनाया जाता था। परिजनों का कहना है कि जब यह मांगें पूरी नहीं हुईं तो ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।
सूचना देने में देरी से बढ़ा शक
लोअर बाजार थाना प्रभारी रणविजय शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मौत सोमवार रात करीब 8 बजे हुई, लेकिन पुलिस को इसकी सूचना देर रात करीब 2 बजे दी गई। सूचना देने में हुई देरी के कारण मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मृतका के पति जहीर को हिरासत में ले लिया है। हालांकि, परिजनों की ओर से अब तक लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। जिस कमरे में शव मिला है, वहां फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने जांच की है।
13 जून 2025 को हुई थी शादी
मृतका के भाई ने बताया कि सजबीन परवीन की शादी 13 जून 2025 को रांची के एक होटल में हुई थी। शादी के कुछ ही समय बाद से पति द्वारा प्रताड़ना शुरू हो गई थी। परिजनों ने पुलिस से निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और FSL जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Reporter | Samachar Post