Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची में बढ़ते वाहनों और सीमित सड़क चौड़ाई के कारण ट्रैफिक समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। खासकर करमटोली से साइंस सिटी (चिरौंदी) तक का मार्ग अक्सर जाम की चपेट में रहता है। रिंग रोड बनने के बाद इस रूट पर वाहनों का दबाव और बढ़ गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने इस मार्ग पर नया फ्लाईओवर बनाने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस परियोजना को स्वीकृति दे दी है।
3.216 किलोमीटर लंबा होगा फ्लाईओवर
प्रस्तावित फ्लाईओवर करमटोली से शुरू होकर साइंस सिटी होते हुए चिरौंदी चौक तक जाएगा। इसके साथ ही मोरहाबादी तक 516 मीटर लंबा लिंक रोड भी बनाया जाएगा। इस परियोजना का उद्देश्य शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में ट्रैफिक की समस्या को स्थायी रूप से कम करना है।
यह भी पढ़ें: रामगढ़ में लापता युवक का कंकाल मिलने से हड़कंप, मुख्य आरोपी हिरासत में
इन इलाकों को मिलेगा सीधा फायदा
फ्लाईओवर के निर्माण से अल्बर्ट चौक, दिव्यायन चौक, साइंस सिटी क्षेत्र, चिरौंदी चौक जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। इसके अलावा रामगढ़ और हजारीबाग की ओर से आने-जाने वाले वाहनों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी। फ्लाईओवर के जरिए रिंग रोड और NH-20 से बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी, जिससे शहर का ट्रैफिक प्रबंधन और मजबूत होगा।
डीपीआर तैयार करने के दिए गए थे निर्देश
सितंबर महीने में विभाग द्वारा दी गई प्रेजेंटेशन के बाद मुख्यमंत्री ने अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ और करमटोली से साइंस सिटी तक फ्लाईओवर निर्माण के लिए डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार करने और आगे की कार्य योजना पर काम करने के निर्देश दिए थे।
पहले से मिल रही है ट्रैफिक राहत
गौरतलब है कि हाल के महीनों में सिरम टोली से मेकॉन, कोकर से बहुबाजार और रातू रोड फ्लाईओवर के शुरू होने से रांची में ट्रैफिक दबाव काफी हद तक कम हुआ है। नए फ्लाईओवर के बनने से राजधानीवासियों को आने वाले समय में और बेहतर यातायात सुविधा मिलने की उम्मीद है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।