Samachar Post रिपोर्टर, रांची :राजधानी रांची के चुटिया मेन रोड पर एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। सोमवार देर रात करीब एक बजे नशे की हालत में कार चला रहे एक चालक ने दुकान के बाहर खड़ी कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना जोरदार था कि टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। टक्कर मारने वाली कार वेगन-आर बताई जा रही है, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर JH-01FB-5790 है। स्थानीय लोगों के अनुसार, जब तक लोग मौके पर पहुंचे, कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो चुका था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चालक नशे की हालत में था और भीड़ जुटती देख मौके से भाग गया।
यह भी पढ़ें :ओडिशा दारोगा परीक्षा पेपर लीक केस का मास्टरमाइंड नीतीश कुमार गिरफ्तार, बिहार के खुसरूपुर से दबोचा गया
पुलिस ने वाहन किया जब्त
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वेगन-आर कार को जब्त कर लिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। दुकानदार ने बताया कि उनकी कार दुकान के आगे सेड के नीचे खड़ी थी। रात में तेज आवाज सुनकर जब वे बाहर निकले तो देखा कि एक अन्य कार ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी है। पुलिस का कहना है कि फरार चालक की पहचान की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और वाहन नंबर के आधार पर आरोपी को जल्द गिरफ्तार किए जाने की संभावना है।
Reporter | Samachar Post