Samachar Post रिपोर्टर, रांची :झारखंड की राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में कड़ाके की ठंड का असर अब हवाई यातायात पर भी साफ दिखने लगा है। सुबह और शाम छाए घने कोहरे तथा कम दृश्यता के कारण बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से संचालित कई उड़ान सेवाएं प्रभावित हुई हैं। सुरक्षा कारणों से कुछ फ्लाइट्स को रद्द किया गया है, जबकि कई उड़ानें अपने निर्धारित समय से देरी से संचालित हो रही हैं। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, सुबह के समय रनवे पर दृश्यता मानकों से नीचे चली गई, जिसके चलते उड़ानों का संचालन संभव नहीं हो सका। मौसम में सुधार के साथ ही उड़ान सेवाओं के धीरे-धीरे सामान्य होने की उम्मीद जताई गई है।
यह भी पढ़ें :डीसी के निर्देश पर समीक्षा बैठक, बकाया राजस्व वसूली पर विशेष फोकस
रद्द की गई उड़ानें
घने कोहरे और कम दृश्यता के कारण बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से संचालित कई उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। रद्द की गई उड़ानों में इंडिगो की 6E 7674 / 7235 और 6E 7561 / 7562 शामिल हैं, जो कोलकाता–रांची–कोलकाता सेक्टर पर परिचालित होती हैं। इसके अलावा, एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या IX 1046 / 1047, जो दिल्ली–रांची–दिल्ली मार्ग पर संचालित होती है, उसे भी मौसम की खराब स्थिति के चलते रद्द कर दिया गया है।
देरी से संचालित उड़ानें
घने कोहरे के कारण कई उड़ानें अपने निर्धारित समय से देरी से संचालित की गईं। इंडिगो की उड़ान संख्या 6E 7561, जो कोलकाता से रांची आने वाली थी, का निर्धारित आगमन समय सुबह 07:10 बजे था, लेकिन यह फ्लाइट सुबह 08:45 बजे रांची पहुंची। वहीं, रांची से कोलकाता जाने वाली इंडिगो की उड़ान 6E 7562 का निर्धारित प्रस्थान समय सुबह 07:30 बजे था, जिसे बढ़ाकर सुबह 09:15 बजे कर दिया गया। इसी तरह, पुणे से रांची आने वाली इंडिगो की उड़ान 6E 6484 का निर्धारित आगमन सुबह 08:25 बजे था, जो अनुमानित रूप से सुबह 09:00 बजे पहुंची। इसके अलावा, रांची से बेंगलुरु जाने वाली इंडिगो की उड़ान 6E 6799 का निर्धारित प्रस्थान समय सुबह 08:55 बजे था, जिसे बदलकर सुबह 10:00 बजे कर दिया गया।
Reporter | Samachar Post