Samachar Post रिपोर्टर,रामगढ़ :रामगढ़ थाना क्षेत्र की चूटूपालू घाटी में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते बचा। छड़ लदा एक ट्रेलर अचानक ब्रेक फेल होने के कारण बेकाबू हो गया और आगे चल रही एक बाइक सहित पांच वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को रामगढ़ सदर अस्पताल और निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है, हालांकि सभी खतरे से बाहर हैं।
यह भी पढ़ें :कराईकेला में रफ्तार का कहर, स्कॉर्पियो और बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत
पुलिस ने संभाली स्थिति, यातायात हुआ प्रभावित
हादसे की सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घाटी के एक लेन को अस्थायी रूप से बंद कर दूसरे लेन से यातायात संचालित किया गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाने के बाद कुछ देर में यातायात सामान्य कर दिया गया।जानकारी के अनुसार, ट्रेलर रामगढ़ की ओर आ रहा था। ब्रेक फेल होने के बाद उसने इनोवा, बोलेरो, हुंडई i10, फॉर्च्यूनर और एक बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे के बाद चूटूपालू घाटी में भारी वाहनों की जांच और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से घाटी क्षेत्र में ब्रेक जांच और ट्रैफिक निगरानी सख्त करने की मांग की है।
Reporter | Samachar Post