Samachar Post डेस्क, रांची :पूर्णिया के निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के परिवार के लिए खुशखबरी है। उनके बेटे सार्थक रंजन अब इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में खेलते नजर आएंगे। 16 दिसंबर को अबूधाबी के एतिहाद एरीना में आयोजित आईपीएल ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने सार्थक को उनके बेस प्राइस 30 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। सार्थक रंजन लंबे समय से घरेलू क्रिकेट में सक्रिय रहे हैं और ऑलराउंडर के तौर पर अपनी पहचान बना चुके हैं। लगातार प्रयासों के बाद उन्हें आईपीएल जैसी बड़ी लीग में मौका मिला है, जिसे उनके करियर का अहम पड़ाव माना जा रहा है।
राजनीति या क्रिकेट- कयासों पर विराम
लोकसभा चुनाव से पहले सार्थक ने अपने पिता पप्पू यादव के साथ कांग्रेस की सदस्यता ली थी। उनकी मां रंजीता रंजन पहले से ही कांग्रेस की राज्यसभा सांसद हैं। इसके बाद यह कयास लगाए जा रहे थे कि यदि क्रिकेट में अवसर नहीं मिला तो वे राजनीति की ओर रुख कर सकते हैं, लेकिन आईपीएल में चयन के साथ ही उन्होंने एक बार फिर क्रिकेट को ही अपनी प्राथमिकता साबित कर दी है।
यह भी पढ़ें :भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चौथा T20 मुकाबला आज लखनऊ में
बिहार की राजनीति और खेल का दिलचस्प रिश्ता
बिहार की राजनीति में यह कोई नया चलन नहीं है कि दिग्गज नेताओं के बच्चों ने राजनीति में आने से पहले खेल या सिनेमा में किस्मत आजमाई हो। तेजस्वी यादव क्रिकेट और चिराग पासवान सिनेमा से जुड़े रहे, जबकि बांका की पूर्व सांसद दिग्विजय सिंह की बेटी श्रेयसी सिंह शूटिंग में देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं और वर्तमान में खेल मंत्री हैं।
पिता पप्पू यादव का भावुक संदेश
बेटे के आईपीएल में चयन के बाद पप्पू यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भावुक पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा बधाई बेटू, जमकर खेलो, अपनी प्रतिभा के दम पर अपनी पहचान बनाओ। अब सार्थक के नाम से बनेगी हमारी पहचान। यह संदेश एक पिता की खुशी और गर्व को साफ दर्शाता है।
तीन बार की चैंपियन टीम का हिस्सा
सार्थक रंजन अब आईपीएल की सबसे सफल टीमों में शामिल कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा होंगे। केकेआर ने अब तक तीन आईपीएल खिताब जीते हैं। 2012 और 2014 में गौतम गंभीर की कप्तानी में और हाल ही में 2024 में तीसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की। अब क्रिकेट प्रेमियों की नजर इस बात पर टिकी है कि मजबूत टीम और अनुभवी कोचिंग स्टाफ के मार्गदर्शन में सार्थक रंजन मैदान पर क्या कमाल दिखाते हैं।
Reporter | Samachar Post