Samachar Post रिपोर्टर,पलामू :मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (MMCH), पलामू के MBBS 2022 बैच के करीब 30 छात्र परीक्षा में फेल घोषित कर दिए गए हैं। इस बैच में लगभग 100 छात्र नामांकित हैं। परीक्षा परिणाम सामने आते ही छात्रों में आक्रोश फैल गया है और उन्होंने नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
यह भी पढ़ें :झारखंड को मिलेगी नई मेडिकल यूनिवर्सिटी, मांडर के ब्राम्बे में बनेगा स्थायी परिसर
फाइनल परीक्षा के बाद भी तीसरे वर्ष में प्रवेश नहीं
छात्रों के अनुसार, फाइनल परीक्षा पास करने के बाद उन्हें तीसरे वर्ष में प्रमोट किया जाना था, लेकिन गलत रिजल्ट के कारण उनका भविष्य अधर में लटक गया है। रिजल्ट जारी होते ही विश्वविद्यालय परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई। छात्रों का आरोप है कि उन्होंने फार्माकोलॉजी, पैथोलॉजी और माइक्रोबायोलॉजी विषयों की परीक्षा दी थी। MBBS परीक्षा प्रणाली में थ्योरी पेपर-1, थ्योरी पेपर-2 और प्रैक्टिकल परीक्षा तीनों के अंकों को मिलाकर अंतिम परिणाम तैयार किया जाता है। लेकिन विश्वविद्यालय द्वारा जारी फाइनल टेबुलेशन शीट में प्रैक्टिकल अंकों की जगह इंटरनल असेसमेंट के नंबर जोड़ दिए गए, जबकि इंटरनल असेसमेंट सिर्फ पात्रता के लिए होता है, अंतिम रिजल्ट के लिए नहीं।
30 छात्रों को गलत तरीके से फेल घोषित करने का आरोप
इस गंभीर तकनीकी गलती के कारण लगभग 30 छात्रों को असफल घोषित कर दिया गया, जबकि छात्रों का दावा है कि वे किसी भी विषय में फेल नहीं हुए हैं। छात्रों का कहना है कि यदि समय रहते इस गलती में सुधार नहीं किया गया तो उनका पूरा एक शैक्षणिक वर्ष बर्बाद हो सकता है। उन्होंने बताया कि नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय पहले भी परीक्षा परिणाम में देरी, मूल्यांकन की गड़बड़ीऔर प्रशासनिक लापरवाही को लेकर विवादों में रहा है, लेकिन सुधार के ठोस प्रयास नहीं हुए।
आंदोलन की चेतावनी
छात्रों और छात्र संगठनों ने इस मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। छात्रों ने साफ कहा है कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। इस पूरे प्रकरण ने विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था और मूल्यांकन प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल छात्र न्याय की उम्मीद में विश्वविद्यालय के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
Reporter | Samachar Post