Samachar Post रिपोर्टर, खूंटी :खूंटी जिले में जंगली हाथियों का आतंक एक बार फिर देखने को मिला है। रनिया प्रखंड के डिग्री डाहटोली गांव में रविवार देर रात हाथियों के झुंड ने एक 60 वर्षीय महिला को कुचलकर मार डाला। मृतका की पहचान मरियम कोंगाड़ी, पत्नी, पड़हा राजा पुजार कोंगाड़ी के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें :टाटा जू में 10 कृष्ण मृगों की मौत, हेमोरेजिक सेप्टीसीमिया का प्रकोप- केवल 8 बचे जीवित
खलिहान में रखा धान खाने पहुंचा झुंड
जानकारी के मुताबिक, देर रात हाथियों का झुंड गांव के खलिहानों में रखा धान खाने पहुंचा था। आवाज सुनकर मरियम कोंगाड़ी घर से बाहर निकलीं, लेकिन बाहर निकलते ही हाथियों ने उन पर धावा बोल दिया। झुंड के कुचलने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुटे, लेकिन तब तक हाथियों का झुंड जंगल की ओर लौट चुका था। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार को 30 हजार रुपये की तात्कालिक सहायता दी।
वन विभाग की अपील- देर रात खेत और खलिहान की ओर न जाएं
वनपाल अविनाश लुगुन ने बताया कि हाथियों के हमले में महिला की मौत हुई है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की देर रात खेत और खलिहान की ओर न जाएं, हाथियों की सूचना तुरंत वन विभाग को दें, भीड़ बनाकर हाथियों को न घेरें।
Reporter | Samachar Post