Samachar Post डेस्क, रांची :राज्य के पश्चिम कार्बी आंगलोंग जिले के खेरोनी इलाके में चल रहे हिंसक प्रदर्शन के दौरान दो लोगों की मौत हो गई है। घटना की पुष्टि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने की है। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर हालात को काबू में रखने के लिए कदम उठाए जाएंगे। हिंसा सोमवार को उस समय शुरू हुई जब कार्बी आंगलोंग स्वायत्त परिषद के चीफ एग्जीक्यूटिव मेंबर और वरिष्ठ बीजेपी नेता तुलीराम रोंगहांग के डोंगकामोका स्थित घर में आग लगा दी गई। इसके बाद इलाके में तनाव फैल गया और प्रदर्शनकारियों तथा पुलिस के बीच झड़पें हुईं। इस संघर्ष में पुलिस पर पत्थरबाजी की गई, जिसमें कम से कम 38 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिनमें एक आईपीएस अधिकारी भी शामिल है।
यह भी पढ़ें :बांग्लादेश में दीपू दास की हत्या का धनबाद में विरोध, विहिप और बजरंग दल ने फूंका पुतला
दो प्रदर्शनकारियों की मौत, बातचीत जारी
पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों बातचीत की जा रही है, लेकिन हिंसा के चलते स्थिति बिगड़ गई है। सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और कहा कि सरकार शांति बहाल करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रही है।
धारा 163 लागू
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन ने 22 दिसंबर से धारा 163 लागू कर दी है। इसके तहत 5 या अधिक लोगों के इकट्ठा होने पर रोक, संध्या 5 बजे से प्रातः 6 बजे तक आवाजाही पर प्रतिबंध, रैलियों, जुलूसों, हथियार ले जाने, पटाखे जलाने और भड़काऊ भाषणों पर रोक है। जिला प्रशासन और पुलिस की टीमें हलचल वाले इलाकों में तैनात हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
Reporter | Samachar Post