Samachar Post रिपोर्टर, रांची :झारखंड में इन दिनों शीतलहर का प्रकोप तेज हो गया है। राजधानी रांची सहित पूरा प्रदेश सुबह से ही घने कोहरे की चादर में लिपटा नजर आ रहा है। लगातार गिरते न्यूनतम तापमान ने ठंड का असर और बढ़ा दिया है। रांची में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सुबह 9 बजे तक भी कोहरा छाया रहा।
यह भी पढ़ें :जज कॉलोनी के सामने डिवाइडर से टकराई कार, बड़ा हादसा टला
उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं से बढ़ी सर्दी
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही बर्फीली और ठंडी हवाओं के कारण रातें ज्यादा सर्द बनी रहेंगी। दिन में आसमान साफ रहने के बावजूद तापमान में खास बढ़ोतरी की संभावना नहीं है। अगले तीन दिनों तक कई इलाकों में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है, जिससे खासकर हाईवे पर चलने वालों को परेशानी हो सकती है। ठंड का असर अब जानलेवा भी साबित हो रहा है। जमशेदपुर में ठंड के कारण एक महिला की मौत की खबर सामने आई है। सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में विजिबिलिटी बेहद कम रिकॉर्ड की गई। सोमवार को देवघर में दृश्यता महज 200 मीटर, जमशेदपुर में 300 मीटर और रांची में 600 मीटर दर्ज की गई। कम दृश्यता के चलते सड़क यातायात पर खासा असर पड़ा है।
शीतलहर को लेकर यलो और ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में शीतलहर को लेकर यलो अलर्ट, जबकि कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सुबह के समय घना कुहासा रहने की आशंका जताई गई है। हाईवे पर यात्रा करने वालों को सतर्कता के साथ वाहन चलाने की सलाह दी गई है।
अगले छह दिनों तक ठंड से राहत नहीं
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले छह दिनों तक प्रदेश में धुंध और शीतलहर का असर बना रहेगा और तापमान में और गिरावट के संकेत हैं। घने कोहरे का असर झारखंड के प्रमुख एयरपोर्ट्स पर भी पड़ा है। रांची एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी काफी कम होने के कारण कई उड़ानें प्रभावित हुईं। सोमवार को खराब मौसम के चलते चार विमान रद्द कर दिए गए, जिनमें इंडिगो की कोलकाता–रांची–कोलकाता और एयर इंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली व बेंगलुरु से जुड़ी उड़ानें शामिल हैं। कोहरे के कारण रेल परिचालन भी प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने, ठंड से बचाव के उपाय अपनाने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
Reporter | Samachar Post