- झारखंड एसीबी की संपत्ति जांच
Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड एसीबी शराब घोटाला, हजारीबाग वन भूमि घोटाला और सेवायत भूमि घोटाला से जुड़े मामलों में निलंबित IAS अधिकारी विनय चौबे और उनकी पत्नी स्वप्ना संचिता की आय से अधिक संपत्ति की जांच कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि कथित अवैध कमाई कहाँ और किस रूप में निवेश की गई।
बैंकों को भेजा गया पत्र और निर्देश
एसीबी ने झारखंड के सभी सरकारी और निजी बैंकों को पत्र भेजकर विनय चौबे, उनकी पत्नी, नेक्सजेन के मालिक विनय सिंह, उनके परिवार और अन्य संबंधितों के बैंक अकाउंट और लॉकर का ब्योरा मांगा। साथ ही, यदि इन नामों पर कोई लॉकर मिलता है तो उसे अगले आदेश तक फ्रीज करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जांच के दौरान संपत्ति में किसी तरह की हेराफेरी न हो सके।
यह भी पढ़ें: झारखंड में बार रात 12 बजे के बाद भी खुल सकेंगे, उत्पाद विभाग ने प्रस्ताव तैयार किया
दो लॉकर मिले
जांच में अब तक सामने आया है कि स्वप्ना संचिता के नाम एसबीआई बैंक में दो लॉकर हैं। एसीबी इन लॉकरों से जुड़े लेनदेन और संपत्ति की जानकारी खंगाल रही है।
दो दर्जन से अधिक खातों की जांच
एसीबी अब तक दो दर्जन से ज्यादा बैंक अकाउंट की जांच कर चुकी है। एजेंसी यह पता लगा रही है कि विनय चौबे ने अलग-अलग जिलों में डीसी और उत्पाद विभाग के सचिव रहते हुए कितनी अवैध कमाई की और उसे किन तरीकों से निवेश किया। जांच अभी जारी है और संपत्ति के हर संभावित स्रोत की जानकारी जुटाई जा रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।