Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतिस्पर्धी परीक्षा परिषद (JCEEB) ने नीट पीजी 2025 के आधार पर राज्य कोटा सीटों के लिए दूसरी राउंड की ऑनलाइन काउंसलिंग शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी 10 से 12 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर अपने आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर सकते हैं। पहले राउंड की राज्य मेरिट सूची में शामिल उम्मीदवारों को पुनः आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है; वे सीधे ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और चॉइस फिलिंग प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।
“नीट पीजी 2025 राज्य कोटा सीटें: दूसरी राउंड काउंसलिंग शेड्यूल”
काउंसलिंग प्रक्रिया में 10-12 दिसंबर तक फॉर्म भरना और दस्तावेज अपलोड करना होगा। 13 दिसंबर को दूसरी राउंड की प्रोविजनल राज्य मेरिट लिस्ट जारी होगी। अभ्यर्थी 14 दिसंबर तक आपत्ति दर्ज कर सकते हैं, जबकि अंतिम राज्य मेरिट लिस्ट 15 दिसंबर को जारी की जाएगी। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और चॉइस फिलिंग 16-18 दिसंबर तक होगी, 19 दिसंबर को विकल्पों में संशोधन की सुविधा मिलेगी। प्रोविजनल सीट अलॉटमेंट लेटर 22 दिसंबर को जारी होगा और प्रमाणपत्र सत्यापन एवं प्रवेश प्रक्रिया 23 से 28 दिसंबर तक चलेगी।
यह भी पढ़ें: झारखंड विधानसभा: शून्यकाल में मौका न मिलने पर भाजपा विधायक नीरा यादव नाराज, सदन से बाहर निकलीं
“काउंसलिंग शुल्क व सुरक्षा राशि की जानकारी”
आवेदन शुल्क सामान्य, ईडब्ल्यूएस और बीसी वर्ग के लिए 1,000 रुपये, जबकि एससी, एसटी और महिला उम्मीदवारों के लिए 500 रुपये है। काउंसलिंग शुल्क सामान्य श्रेणी के लिए 2,000 रुपये और एससी, एसटी एवं महिला उम्मीदवारों के लिए 1,200 रुपये निर्धारित किया गया है। सरकारी कॉलेजों में सुरक्षा राशि सामान्य व ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों के लिए 30,000 रुपये और एससी, एसटी, ओबीसी व पीडब्ल्यूडी के लिए 15,000 रुपये जमा करनी होगी। निजी मेडिकल कॉलेजों में यह राशि 2 लाख और डेंटल कॉलेजों में 1 लाख रुपये होगी। स्ट्रे या मॉप-अप राउंड के लिए 50,000 रुपये जमा करने होंगे। निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि यदि आवंटित सीट पर समय पर प्रवेश नहीं लिया गया तो सुरक्षा राशि जब्त कर ली जाएगी। वहीं, किसी भी चरण में सीट न मिलने पर यह राशि वापस कर दी जाएगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।