Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा :झारखंड के जामताड़ा जिले में हाल के दिनों में अपराध की बढ़ती घटनाओं ने स्थानीय पुलिस की कार्यशैली को सवालों के घेरे में ला दिया है। लगातार लूट, गोलीकांड और चोरी की वारदातों से आम नागरिकों और खासकर व्यापारी वर्ग में भय का माहौल है। विरोध स्वरूप आज जिले के कई इलाकों में दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे, जिससे बाजार में बंदी जैसी स्थिति नजर आई।
यह भी पढ़ें :नेत्रहीन परिवार का आशियाना टूटा, कड़ाके की ठंड में सड़क पर रहने को मजबूर
बालाजी ज्वेलर्स में दिनदहाड़े लूट और फायरिंग
दो दिन पहले कायस्थपाड़ा स्थित बालाजी ज्वेलर्स में चार नकाबपोश हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट की कोशिश की। इस दौरान अपराधियों ने दुकान मालिक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया और दहशत फैलाने के लिए कई राउंड फायरिंग की। घटना को अंजाम देने के बाद लुटेरे मौके से फरार हो गए। इस सनसनीखेज वारदात के बाद गुरुवार को जामताड़ा और मिहिजाम के स्वर्ण व्यवसायियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई थी।
सिरडी ज्वेलर्स में दीवार काटकर चोरी, तिजोरी के ताले भी काटे
पुलिस इस घटना की गुत्थी सुलझा भी नहीं पाई थी कि शुक्रवार देर रात मिहिजाम स्टेशन रोड स्थित सिरडी ज्वेलर्स में चोरों ने दीवार काटकर सेंधमारी कर दी। तिजोरी के ताले काटकर चोरों ने लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने उड़ा लिए। दुकान मालिक शिव कुमार प्रसाद के अनुसार, अपराधियों ने बेहद योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया।
जांच में जुटी पुलिस, CCTV और डॉग स्क्वॉड ‘फिगो’ का सहारा
घटना की सूचना मिलते ही मिहिजाम थाना प्रभारी विवेकानंद दूबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के लिए जामताड़ा से फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट बुलाया गया है। इसके साथ ही चित्तरंजन आरपीएफ का डॉग स्क्वॉड ‘फिगो’ भी जांच में मदद कर रहा है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। थाना प्रभारी ने भरोसा दिलाया है कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
सियासी बयान भी हुए तेज
लगातार हो रही वारदातों पर जन सेवा पार्टी के राकेश लाल और भाजपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने पुलिस प्रशासन पर कड़े सवाल उठाए हैं। नेताओं का कहना है कि अपराधी खुलेआम पुलिस को चुनौती दे रहे हैं, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं दिखी है। उन्होंने मांग की है कि पुलिस व्यापारियों और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस रणनीति और कड़े कदम उठाए।
कानून-व्यवस्था कटघरे में, लोगों को कार्रवाई का इंतजार
जामताड़ा–मिहिजाम क्षेत्र में अपराधियों के बढ़ते मनोबल और वारदातों की पुनरावृत्ति से यह साफ है कि कानून-व्यवस्था पर से लोगों का भरोसा डगमगाने लगा है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि पुलिस इन अपराधियों पर कब तक लगाम लगा पाती है, या फिर कोयलांचल और सर्राफा बाजार में दहशत का यह दौर यूं ही चलता रहेगा।
Reporter | Samachar Post