Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :जमशेदपुर के पोटका थाना क्षेत्र में नवनियुक्त महिला चौकीदार ज्योतिका हेंब्रम की बेरहमी से हत्या कर दी गई। अज्ञात अपराधियों ने धारदार हथियार से गला रेतकर उनकी जान ली और बाद में शव को सड़क किनारे फेंककर मामले को सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की।
यह भी पढ़ें :गोवा अग्निकांड: थाइलैंड से भारत लाए गए लूथरा ब्रदर्स, गोवा पुलिस ने किया गिरफ्तार
सड़क हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस, हत्या का हुआ खुलासा
घटना मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे की बताई जा रही है। पोटका थाना को पहले सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही थानेदार मनोज कुमार मुर्मू पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। बड़ासिगदी गांव के पास मुख्य सड़क किनारे शव औंधे मुंह पड़ा मिला, जो खून से सना हुआ था। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने स्पष्ट किया कि मौत सड़क हादसे से नहीं, बल्कि धारदार हथियार से गला रेतने के कारण हुई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है और आसपास के इलाकों में सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
इलाके में दहशत, लोगों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
इस सनसनीखेज हत्या के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है। पुलिस का दावा है कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
Reporter | Samachar Post