Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा योजना का नाम बदलने के फैसले के विरोध में कांग्रेस ने जमशेदपुर में जोरदार प्रदर्शन किया। सोमवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने डीसी कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन कर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस का आरोप – महापुरुषों के नाम मिटाए जा रहे
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार महापुरुषों के नाम पर चल रही योजनाओं के नाम बदल रही है। मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाना देश के राष्ट्रपिता का अपमान है, जिसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर के भाई की पेंशन अटकी, एनपीयू में वेतन भुगतान भी ठप
ग्रामीण रोजगार से जुड़ी योजना से छेड़छाड़ का आरोप
जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने ग्रामीणों को रोजगार देने के उद्देश्य से मनरेगा कानून बनाया था, जिसमें 100 दिनों के रोजगार की गारंटी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार नियमों में बदलाव कर अपने सहयोगियों को लाभ पहुंचाने का प्रयास कर रही है, जिससे ग्रामीण मजदूरों को नुकसान होगा।
जुलूस निकालकर सौंपा गया ज्ञापन
प्रदर्शन से पहले कांग्रेस कार्यकर्ता आमबगान मैदान में एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए साकची स्थित डीसी कार्यालय तक जुलूस निकालकर पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए महापुरुषों का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान।
योजना का नाम यथावत रखने की मांग
कांग्रेस ने केंद्र सरकार से मनरेगा का नाम पहले की तरह बनाए रखने की मांग की और चेतावनी दी कि अगर फैसला वापस नहीं लिया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।