Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :जमशेदपुर के मानगो थाना परिसर में रविवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कार टक्कर के विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। मामला इतना बढ़ गया कि थाना परिसर के अंदर भी जमकर मारपीट और तोड़फोड़ हुई। इस घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हुए। जानकारी के अनुसार, विवाद रविवार रात करीब 9 बजे मानगो रोड नंबर-1 पर दो कारों की टक्कर से शुरू हुआ। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच सड़क पर कहासुनी और मारपीट हुई, जिसमें दोनों ओर से चार लोग घायल हुए।
यह भी पढ़ें :देवनद नदी के पास पुलिस का छापा, 726 पेटी अवैध शराब जब्त
थाना परिसर में हिंसा
सुनियोजित शिकायत दर्ज कराने पहुंचे दोनों पक्षों ने थाना परिसर में भी झगड़ा जारी रखा। उग्र लोगों ने अलमारी गिराई, कागजात बाहर फेंके और वायरलेस सेट को नुकसान पहुँचाया। पुलिस की रोकथाम की कोशिशों के बावजूद स्थिति काबू से बाहर हो गई और इस दौरान तीन पुलिसकर्मी घायल हुए। स्थिति नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस को क्यूआरटी बुलानी पड़ी।
विवाद का पृष्ठभूमि
जांच में सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच एक सप्ताह पहले भी मारपीट हो चुकी थी। यह विवाद अस्पताल संचालन को लेकर लंबे समय से चल रहा है। पहला पक्ष के रहमत खान, जो मानगो में सिम्स अस्पताल चलाते हैं।दूसरा पक्ष के मुमताज, दया अस्पताल के संचालक हैं। दोनों अस्पताल आपस में नजदीक स्थित हैं।
दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई- पुलिस
पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमला और पथराव के आरोप लगा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Reporter | Samachar Post