Samachar Post डेस्क, रांची :कटक में मिली रिकॉर्ड जीत के बाद टीम इंडिया अब दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे T20 मुकाबले में चौथी लगातार जीत हासिल करने के उद्देश्य से आज मैदान में उतरेगी। पांच मैचों की टी-20 सीरीज़ का यह दूसरा मुकाबला न्यू चंडीगढ़ क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। टीम इंडिया पिछली तीन T20 भिड़ंतों में अफ्रीकी टीम को मात दे चुकी है, जिनमें से दो जीत बड़े अंतर से आई थीं।
यह भी पढ़ें :पटना एयरपोर्ट पर इंडिगो का परिचालन संकट, दस उड़ानें रद्द
गिल पर होंगी सबकी नजरें -दबाव में उपकप्तान की वापसी की कोशिश
उपकप्तान शुभमन गिल लगातार खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। सीरीज में पहले दो मैचों के बीच सिर्फ एक दिन का अंतर होने के कारण उन्हें बिना आराम सीधे मैदान पर उतरकर अपनी लय वापस पाने की चुनौती का सामना करना होगा। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा के अच्छे प्रदर्शन के बावजूद प्रबंधन ने गिल को ओपनिंग में प्राथमिकता दी है।
हार्दिक पांड्या 100 विकेट से एक कदम दूर
पहले मैच में शानदार गेंदबाजी करने वाले हार्दिक पांड्या आज इतिहास रच सकते हैं। सिर्फ 1 विकेट लेकर वह T20 इंटरनेशनल में भारत के लिए 100 विकेट पूरे कर लेंगे। ऐसा करने वाले वह भारत के तीसरे गेंदबाज बन जाएंगे। जसप्रीत बुमराह हाल ही में यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं, जबकि भारत की ओर से सबसे ज्यादा T20 विकेट अर्शदीप सिंह (107) के नाम हैं।
सूर्यकुमार यादव आज बना सकते हैं नया रिकॉर्ड
अगर कप्तान सूर्यकुमार यादव 47 रन बना लेते हैं, तो वे भारत की ओर से 9000 T20 रन पूरे करने वाले चौथे बल्लेबाज बन जाएंगे। उनसे पहले यह रिकॉर्ड विराट कोहली, रोहित शर्मा और शिखर धवन बना चुके हैं। हालांकि कप्तानी में भारत का प्रदर्शन शानदार रहा है, लेकिन सूर्या का व्यक्तिगत फॉर्म चिंता का विषय है। उन्होंने पिछली 15 पारियों में कोई अर्धशतक नहीं लगाया है।
संभावित प्लेइंग इलेवन
भारत से सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव, वाशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, संजू सैमसन हैं।
दक्षिण अफ्रीका से एडेन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डिकॉक, डेवाल्ड ब्रेविस, ट्रिस्टन स्टब्स, डोनोवान फरेरा, मार्को जेनसेन, केशव महाराज, एनरिक नोर्त्जे, लुंगी नगिदी, जॉर्ज लिंडे, लुथो सिपामला, कार्बिन बाश, रीजा हेंड्रिक्स, टोनी डिजार्जी, ओटनिल बार्टमैन, क्वेना मफाका हैं।
Reporter | Samachar Post