Samachar Post डेस्क, रांची : गोवा के नाइट क्लब में हुए गैस सिलेंडर विस्फोट में झारखंड के तीन युवकों की मौत से पूरे राज्य में शोक और आक्रोश का माहौल है। सोमवार सुबह तीनों के पार्थिव शरीर रांची एयरपोर्ट पहुंचे, जहां पूर्व शिक्षा मंत्री बंधु तिर्की ने श्रद्धांजलि अर्पित की और परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की। मृतकों में शामिल हैं, प्रदीप महतो और विनोद महतो, निवासी फतेहपुर, लापुंग (रांची), जो सगे भाई थे मोहित मुंडा, निवासी गोविंदपुर, कर्रा (खूंटी) बंधु तिर्की परिजनों के साथ शव लेकर उनके पैतृक गांवों तक पहुंचे, जहां अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए। पूरा इलाका गमगीन रहा।
यह भी पढ़ें: बाइकों में जोरदार टक्कर, दो युवक गंभीर रूप से घायल
पलायन को “झारखंड की सबसे बड़ी मजबूरी” बताया
भावुक होते हुए बंधु तिर्की ने कहा कि तीनों युवक करीब छह महीने पहले रोजगार की तलाश में गोवा गए थे। उन्होंने इसे “राज्य की आर्थिक मजबूरी से उपजी त्रासदी” बताया और कहा कि उनकी प्रमुख मांगें, गोवा सरकार हादसे की निष्पक्ष जांच कराए, दोषी पाए जाने पर क्लब संचालकों पर कड़ी कार्रवाई हो पीड़ित परिवारों को सम्मानजनक मुआवजा मिले उन्होंने बताया कि झारखंड सरकार द्वारा परिजनों को 50-50 हजार रुपये की सहायता दी गई है और एक–एक लाख रुपये की अतिरिक्त राशि देने की प्रक्रिया शुरू है। तीर्की ने कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की की पहल की सराहना भी की।
“जब तक रोजगार नहीं बनेगा, पलायन नहीं रुकेगा”
बंधु तिर्की ने स्पष्ट कहा, इस तरह की घटनाओं की जड़ में है रोजगार के लिए मजबूर पलायन। सरकार को अभी से ठोस योजना बनानी होगी, ताकि हमारे युवाओं को घर छोड़ने की मजबूरी न पड़े।
सदन में उठेगा मुद्दा
उन्होंने बताया कि झारखंड विधानसभा के मौजूदा सत्र में वे पलायन के मुद्दे को जोरदार ढंग से उठाएंगे और सरकार से राज्य स्तर पर रोजगार सृजन के लिए रोडमैप प्रस्तुत करने की मांग करेंगे। तिर्की ने कहा कि यह हादसा एक बार फिर स्पष्ट करता है कि झारखंड को अपने युवाओं को स्थानीय स्तर पर सुरक्षित और सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराना ही होगा।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।