Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह :गिरिडीह जिले के राजधनवार थाना क्षेत्र अंतर्गत सिरसाय नकटीटांड़ गांव में 30 वर्षीय कमलेश सिंह की पीट-पीटकर हत्या का सनसनीखेज वीडियो सामने आया है। घटना के पांच दिन बाद सोमवार को वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिससे पूरे जिले में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि यह वीडियो 17 दिसंबर का है।
यह भी पढ़ें :झारखंड में शीतलहर और घना कोहरा: जनजीवन अस्त-व्यस्त, परिवहन सेवाएं प्रभावित
वीडियो में कैद हुई हैवानियत
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कमलेश सिंह अपनी जान की भीख मांग रहा है, लेकिन हमलावरों ने उस पर बेरहमी से हमला जारी रखा। पहले एक युवक ने लोहे की रॉड से उसके पैर पर वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद एक बुजुर्ग व्यक्ति ने लात मारकर उस पर हमला किया। फिर पांच अन्य युवकों ने मिलकर लाठियों से उसकी बुरी तरह पिटाई की। हमले की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई लाठियां टूट गईं, फिर भी मारपीट जारी रही। अंततः मौके पर ही कमलेश की मौत हो गई।
जमीन विवाद बना हत्या की वजह
प्रारंभिक जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। घटना का सबसे शर्मनाक पहलू यह रहा कि मौके पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे। युवक को बचाने के बजाय कई लोग मोबाइल से फोटो और वीडियो बनाते नजर आए, लेकिन किसी ने भी उसे बचाने की कोशिश नहीं की।
पुलिस पहुंची, तब तक हो चुकी थी मौत
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और कमलेश सिंह की मौत हो चुकी थी। धनवार थाना पुलिस ने मामले में माले नेता किशोरी अग्रवाल सहित 11 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। हालांकि, अब तक केवल एक आरोपी की गिरफ्तारी हो सकी है। सोमवार को वीडियो वायरल होते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। गिरिडीह एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए खोरीमहुआ एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है।
SIT में कई थानों की पुलिस शामिल
SIT में धनवार, हीरोडीह, परसन और घोड़थंबा थाना पुलिस के साथ-साथ गिरिडीह टेक्निकल सेल की टीम को भी शामिल किया गया है। एसपी ने निर्देश दिया है कि वायरल वीडियो के आधार पर हत्या में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। मामले की त्वरित, निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।
Reporter | Samachar Post