Samachar Post रिपोर्टर,धनबाद :धनबाद के निरसा थाना क्षेत्र में मां उमा शक्ति फिलिंग पाइंट (देवियाना गेट, एनएच-19) पर देर रात पेट्रोल पंप मालिक व पत्थर कारोबारी राणा प्रताप सिंह के पुत्र सौरभ सिंह को गोली लग गई। गोली लगने के बाद पंप परिसर में हड़कंप मच गया। घायल सौरभ सिंह को पंप के कर्मियों और मित्रों ने तुरंत असर्फी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया। गोली उनके कंधे में लगी बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें :रांची में सीमेंट कारोबारी पर गोली चलाने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड की तलाश तेज
पुलिस ने घटना की जांच शुरू की
घटना की सूचना मिलते ही निरसा थाना पुलिस और एसडीपीओ रजत मानिक बाखला घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए। पुलिस ने पेट्रोल पंप के पीछे सुनसान स्थान से आधा दर्जन बीयर की बोतलें, चिप्स के पैकेट और एक गोली का खोखा बरामद किया। प्रारंभिक जांच में यह अनुमान लगाया जा रहा है कि घटना खाने-पीने के दौरान फायरिंग के दौरान हुई होगी। एसडीपीओ ने बताया कि घायल युवक के पास लाइसेंसी पिस्टल है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गोली उनके ही हथियार से चली या किसी अन्य व्यक्ति ने फायरिंग की। साथ ही पेट्रोल पंप परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है ताकि घटना के समय वहां मौजूद लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहन छानबीन में जुटी हुई है और कई एंगल से जांच जारी है। फिलहाल घटना के असली कारण और फायरिंग में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान की कोशिश की जा रही है।
Reporter | Samachar Post