- गुप्त सूचना पर कुमारधुबी पुलिस की कार्रवाई
Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : धनबाद जिले के निरसा अनुमंडल में कुमारधुबी थाना पुलिस ने सोमवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध बालू लदे दो ट्रकों को जब्त किया है। दोनों ट्रक पश्चिम बंगाल नंबर के 16 चक्का वाहन हैं, जिनके नंबर WB51C 4949 और WB65D 9956 बताए गए हैं।
दामोदर नदी से अवैध बालू लोड करने का आरोप
पुलिस के अनुसार, ये ट्रक दामोदर नदी से अवैध रूप से बालू लोड कर पश्चिम बंगाल के नदिया जिले की ओर ले जाए जा रहे थे। कुमारधुबी पुलिस को बालू तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।
यह भी पढ़ें: जमशेदपुर के पास सड़क हादसा: स्कूल बस की टक्कर से युवक की मौत
कोई वैध कागजात नहीं दिखा सके चालक
थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए ट्रकों के चालक बालू से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद दोनों ट्रकों को कुमारधुबी चौक के पास से पकड़कर थाना लाया गया और परिसर में खड़ा कर दिया गया।
खनन विभाग करेगा आगे की कार्रवाई
पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी जिला खनन पदाधिकारी को दे दी है। खनन विभाग की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच में दोषी पाए जाने पर ट्रक मालिकों और तस्करी में शामिल अन्य लोगों पर भी कार्रवाई हो सकती है।
इलाके में तस्करों में हड़कंप
इस कार्रवाई के बाद इलाके में बालू तस्करों में हड़कंप मच गया है और अवैध खनन व परिवहन करने वालों में पुलिस कार्रवाई का डर देखा जा रहा है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।