Samachar Post डेस्क, रांची :राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण की स्थिति फिर गंभीर हो गई है। राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक 292 दर्ज किया गया है, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है, लेकिन कई इलाकों में AQI 300 से ऊपर रिकॉर्ड किया गया है, जिसे ‘बेहद खराब’ स्तर माना जाता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के ताजा आंकड़ों के अनुसार, सुबह आठ बजे की स्थिति में अलीपुर में AQI 320, आनंद विहार 377, अशोक विहार 333, बवाना 363, चांदनी चौक 339 और जहांगीरपुरी 372 दर्ज किया गया। वहीं, रोहिणी में 337, विवेक विहार में 361 और वजीरपुर में 343 एक्यूआई रिकॉर्ड हुआ। राजधानी के अन्य हिस्सों में भी वायु गुणवत्ता या तो खराब या बेहद खराब स्तर पर बनी रही।
यह भी पढ़ें :कड़ाके की ठंड से कांपा झारखंड, गुमला में पारा 4°C, 12 जिलों में यलो अलर्ट
विशेषज्ञों के अनुसार, 0 से 50 के बीच का AQI साफ हवा को दर्शाता है, 51 से 100 संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम प्रदूषण, 201 से 300 खराब, 301 से 400 बेहद खराब और 401 से 500 गंभीर प्रदूषण को दिखाता है। दिल्ली में वर्तमान में कई इलाकों में AQI 300 से ऊपर होने के कारण यह स्वास्थ्य के लिए हानिकारक साबित हो सकता है। विशेषकर पुराने रोगियों और सांस संबंधी परेशानियों वाले लोगों के लिए स्थिति गंभीर है। नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे घर से बाहर निकलते समय मास्क पहनें और लंबी अवधि तक बाहरी गतिविधियों से बचें।
Reporter | Samachar Post