Samachar Post रिपोर्टर, चाईबासा : चाईबासा महिला कॉलेज की छात्रा लालमति देवगम ने कविता लेखन में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए राज्यस्तरीय युवा महोत्सव में जगह बनाई है। लालमति ने पहले जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया, इसके बाद प्रमंडल स्तर पर भी विजेता बनकर राज्यस्तरीय मंच तक पहुंचने का गौरव हासिल किया।
महिला कॉलेज की छात्राओं का शानदार प्रदर्शन
प्रमंडल स्तर पर आयोजित युवा महोत्सव की विभिन्न प्रतियोगिताओं में चाईबासा महिला कॉलेज की छात्राओं का प्रदर्शन सराहनीय रहा। सामूहिक लोकनृत्य प्रतियोगिता में बीएड की छात्राओं ने तृतीय स्थान प्राप्त किया अन्य विधाओं में भी छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाकर कॉलेज और जिले का नाम रोशन किया।
यह भी पढ़ें: नेत्रहीन परिवार का आशियाना टूटा, कड़ाके की ठंड में सड़क पर रहने को मजबूर
27 दिसंबर को रांची में राज्यस्तरीय आयोजन
युवा उत्सव 2026 के तहत राज्यस्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन 27 दिसंबर 2025 को आड्रे हाउस, रांची में किया जाएगा। इसमें भाग लेने के लिए लालमति 26 दिसंबर को रांची के लिए रवाना हो चुकी हैं। इसके बाद स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर 10 से 12 जनवरी 2026 तक नई दिल्ली में राष्ट्रीय युवा महोत्सव का आयोजन होगा, जिसमें देशभर के युवा प्रतिभागी हिस्सा लेंगे।
कॉलेज प्रशासन ने जताई खुशी
लालमति के चयन पर महिला कॉलेज चाईबासा की प्राचार्या डॉ. प्रीति बाला सिन्हा समेत सभी शिक्षकों ने प्रसन्नता व्यक्त की।
एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. अर्पित सुमन ने कहा कि लालमति की कविताओं में भावनात्मक गहराई और विचारशीलता है, जो श्रोताओं और पाठकों को सहज ही प्रभावित करती है। कॉलेज के अन्य शिक्षकों ने भी लालमति और सभी प्रतिभागी छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।