Samachar Post रिपोर्टर,चाईबासा : चाईबासा के टोंटो थाना क्षेत्र में पारा शिक्षक मुकरु देवगम की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। घटना में शामिल तीन आरोपियों सोमा सुन्डी (25), सीनू गौड़ (20) और मंगल कारोवा (20) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
कैसे हुई थी वारदात
जगन्नाथपुर एसडीपीओ राफाएल मुर्मू के अनुसार, 29 नवंबर को पुरना चाईबासा निवासी पारा शिक्षक मुकरु देवगम साप्ताहिक खरीदारी के लिए पुरनापानी बाजार टांड़ पहुंचे थे। इसी दौरान हड़िया पीने को लेकर उनकी तीन युवकों से कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने उन पर पत्थर और लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए।
यह भी पढ़ें: बिहार: शादी समारोह में हर्ष फायरिंग, दुल्हन के भाई की मौत
तकनीकी मदद से आरोपी पकड़े गए
घटना के बाद एसपी अमित रेणु के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी शाखा की सहायता और लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने 30 नवंबर को ग्राम केंजरा से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में युवकों ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि हड़िया पीने के दौरान हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया, जिसके बाद गुस्से में उन्होंने हमला किया।
हथियार और सबूत बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने खून से सना पत्थर, लकड़ी का डंडा और वारदात के समय पहने गए कपड़े
को भी बरामद कर लिया है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।