Samachar Post रिपोर्टर,बोकारो :बोकारो सिटी थाना क्षेत्र के सेक्टर-2सी स्थित श्री वैष्णवी ज्वेलर्स में बीती रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर दुकान से नकदी और चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए, हालांकि दुकान में रखा लॉकर सुरक्षित रहा, जिससे उसमें रखे सोने के आभूषण चोरी से बच गए। दुकान मालिक राजू कुमार ने बताया कि वे रोज़ की तरह रात करीब 8 बजे दुकान बंद कर रामनगर कॉलोनी स्थित अपने घर चले गए थे। सुबह मकान मालिक से सूचना मिली कि दुकान का सीसीटीवी कैमरा क्षतिग्रस्त है।
यह भी पढ़ें :SBI ने घटाई होम लोन और FD दरें, EMI पर पड़ेगा असर
एस्बेस्टस शीट तोड़कर दुकान में घुसे चोर
सूचना मिलते ही जब राजू कुमार दुकान पहुंचे तो देखा कि एस्बेस्टस की शीट टूटी हुई थी और दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने इसी रास्ते से दुकान में प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान में रखी नकदी और चांदी के जेवरात ले गए, लेकिन लॉकर खोलने में नाकाम रहे। दुकान मालिक के अनुसार फिलहाल नुकसान का सटीक आकलन नहीं हो पाया है, जो साफ-सफाई और गिनती के बाद स्पष्ट होगा।
पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही बोकारो सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुकान का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही चोरों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। इस घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में चिंता और दहशत का माहौल है। व्यापारियों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस ने जल्द मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया है।
Reporter | Samachar Post