Samachar Post रिपोर्टर, रांची : बिहार विधानसभा चुनाव के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को दरभंगा में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला। योगी ने व्यंग्य करते हुए कहा, जिस तरह महात्मा गांधी के तीन बंदर हैं, उसी तरह इंडिया गठबंधन के भी तीन बंदर हैं पप्पू, टप्पू और अप्पू। पप्पू सच नहीं बोल सकता, टप्पू सही को देख नहीं सकता और अप्पू सच नहीं सुन सकता।
बिहार की सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश: योगी
सीएम योगी ने आरोप लगाया कि ये तीनों “बंदर” परिवार के माफिया को बहला-फुसलाकर बिहार की सुरक्षा को खतरे में डाल रहे हैं। उन्होंने कहा, इन लोगों ने बिहार में जाति को जाति से लड़ाया, बंदूक और पिस्तौल से व्यवस्था को कलंकित कर दिया। यही लोग आपको जाति के नाम पर बांटते हैं, घुसपैठियों को बढ़ावा देते हैं और राष्ट्रीय सुरक्षा को कमजोर करते हैं।
यह भी पढ़ें: कोडरमा में खेतों में घुसा हाथियों का झुंड, किसानों की तैयार फसल बर्बाद
कांग्रेस पर कश्मीर को लेकर निशाना
योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर कश्मीर में विवाद पैदा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने कश्मीर को आतंकवाद और उग्रवाद से मुक्त किया है। “ऐसी क्या मजबूरी थी कि कश्मीर घाटी हिंदू विहीन हो गई? कांग्रेस का ही पाप था कि वहां अनुच्छेद 370 लागू किया गया, पाकिस्तानी बसाए गए और बाकी भारतीयों को निकाल दिया गया,” योगी ने कहा।
“माफिया की छाती पर चलाया बुलडोजर”
योगी ने राजद और कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उन्होंने अपहरण को उद्योग और माफियाओं को शिष्य बना लिया। उन्होंने कहा, “हमने इन पेशेवर माफियाओं की छाती पर बुलडोजर चलाकर समाधान निकाला है। उन्होंने आगे कहा, “ये और इनके साथी, समाजवादी पार्टी समेत, घोर हिंदू द्रोही, राम द्रोही और मां जानकी के विरोधी हैं। हम उन सबके खिलाफ हैं, जो भगवान राम और मां जानकी के विरोधी हैं।
एनडीए की जीत को बताया बिहार की जीत
सीएम योगी ने सभा के अंत में कहा, एनडीए की जीत बिहार की जीत है। बटेंगे नहीं तो कटेंगे भी नहीं, एक रहेंगे तो सुरक्षित रहेंगे। इधर, कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने योगी आदित्यनाथ के “तीन बंदर” वाले बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “वे खुद को योगी कहते हैं, लेकिन हनुमान जी का मजाक उड़ा रहे हैं। यह भगवान का अपमान है। जनता सब देख और सुन रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।