Samachar Post डेस्क,बिहार :वैशाली जिले में कोचिंग हॉस्टल से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गोपालपुर चौक स्थित एक हॉस्टल में 7 वर्षीय बच्चे की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात की जानकारी मिलते ही गांव में तनाव फैल गया और ग्रामीणों ने हॉस्टल में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें :धुर्वा डैम हादसा: पुलिसकर्मी सत्येंद्र सिंह का शव बरामद, चार जवानों की दर्दनाक मौत
बच्चे का शव हॉस्टल के कमरे में खून से लथपथ मिला
मृतक की पहचान अर्जुन ठाकुर के रूप में हुई है, जो बेलसर ओपी क्षेत्र के कल्याणपुर गांव का रहने वाला था। अर्जुन इसी हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता था। परिजनों ने बताया कि शव पर कई जगह गंभीर चोट के निशान थे और बच्चे का गला बेरहमी से काटा गया था।
ग्रामीणों का आक्रोश: हॉस्टल में तोड़फोड़, गाड़ियों को क्षतिग्रस्त किया
वारदात के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने हॉस्टल को निशाना बनाया और वहां रखी कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की। मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भी कुछ लोगों ने पथराव किया, जिससे तनाव और बढ़ गया।
पुलिस अलर्ट: हॉस्टल संचालक समेत चार लोग हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की भारी टीम मौके पर पहुंची। सदर एसडीपीओ गोपाल मंडल ने बताया कि हॉस्टल संचालक समेत चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। सभी से पूछताछ जारी है। हॉस्टल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। एफएसएल टीम को बुलाकर वैज्ञानिक जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है ताकि अपराधियों की जल्द पहचान कर उन्हें सख्त सजा दिलाई जा सके।
Reporter | Samachar Post