Samachar Post रिपोर्टर, बोकारो: जिले के थर्मल थाना क्षेत्र स्थित नई बस्ती में शनिवार देर रात एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई। मंईयां सम्मान योजना की राशि को लेकर हुए विवाद में एक पति ने अपनी पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी रुपेश यादव को गिरफ्तार कर लिया है। सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने अपनी पत्नी झालवा देवी से मंईयां सम्मान योजना की राशि की मांग की थी। पत्नी द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी गुस्से में आगबबूला हो गया और देर रात धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
यह भी पढ़ें: झारखंड में ठंड का असर बढ़ने लगा, 11 नवंबर तक शीतलहर अलर्ट जारी
8 वर्षीय बेटी बनी वारदात की गवाह
हत्या के दौरान हुई आवाज सुनकर दंपती की आठ वर्षीय बेटी जाग गई और उसने भागकर दादा-दादी को पूरी घटना की जानकारी दी। दादी के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़कर उसकी पिटाई भी की।
पुलिस ने रात में ही पहुंचकर की कार्रवाई
सूचना मिलते ही थर्मल थाना प्रभारी पिंकू कुमार यादव पुलिस बल के साथ लगभग रात तीन बजे घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए रांची से फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। मृतका के तीन छोटे बच्चे हैं, जिनमें सबसे बड़ी बेटी ने प्रारंभिक बयान पुलिस को दिया है।
आरोपी पहले भी कर चुका था हमला
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी रुपेश यादव स्वभाव से अत्यंत हिंसक था और अक्सर पत्नी की पिटाई करता था। वह अपने माता-पिता पर भी कई बार हमला कर चुका था। मृतका के चाचा हिरालाल गोप ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले भी आरोपी ने चाकू से झालवा देवी को घायल किया था, जिसके बाद वह कई महीनों तक मायके में रही थी। हाल ही में वह ससुराल लौटी थी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।