Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ, उड़नदस्ता दल, चक्रधरपुर मंडल और जीआरपी की संयुक्त टीम ने अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को 17 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया। बरामद गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 8.5 लाख रुपये बताई गई है। इस ऑपरेशन का नेतृत्व रेल जमशेदपुर के डीएसपी (मुख्यालय) ने किया। गिरफ्तार तस्कर की पहचान उदय कुमार उर्फ मंटू, निवासी हरिहरगंज, पलामू (झारखंड) के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें: IND-SA वनडे क्रिकेट मैच : सुरक्षा में 5,000 जवान, जेएससीए स्टेडियम किले में तब्दील
कैसे हुई गिरफ्तारी?
जांच में सामने आया कि आरोपित ओडिशा के संबलपुर मंडल के जरपाड़ा स्टेशन से गांजा लेकर टाटानगर पहुंचा था। यहां से वह बस के जरिए डाल्टनगंज की ओर सप्लाई करने की योजना में था। गुप्त सूचना के आधार पर टीम पहले से अलर्ट थी। जैसे ही आरोपी ट्रेन से उतरकर टिकट काउंटर की ओर बढ़ा, शुक्रवार रात संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। उसके बैग से 17 किलो अवैध गांजा बरामद किया गया।
नशा नेटवर्क पर कसा शिकंजा
पूछताछ में तस्कर ने माना कि वह लंबे समय से इस अवैध कारोबार में शामिल है। पुलिस अब उसके मोबाइल कॉल डिटेल और नेटवर्क की जांच कर रही है ताकि तस्करी गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचा जा सके। जीआरपी थाना प्रभारी अरुणा मिश्रा ने बताया कि स्टेशन पर बढ़ती तस्करी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए निगरानी और कड़ी कर दी गई है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।