Samachar Post डेस्क, रांची : शुक्रवार के शुरुआती कारोबार में भारतीय शेयर बाजार दबाव में दिखाई दिया। बीएसई सेंसेक्स 285.28 अंकों की गिरावट के साथ 85,347.40 पर खुला, जबकि एनएसई निफ्टी 82.60 अंक टूटकर 26,109.55 पर पहुंच गया। विश्लेषकों के मुताबिक यह कमजोरी वैश्विक बाजारों में नकारात्मक रुझानों का असर है। दो दिन की तेजी के बाद आज बाजार में शुरुआती गिरावट देखी गई। सेंसेक्स में ICICI बैंक, अडानी पोर्ट्स, टाटा स्टील और पावर ग्रिड के शेयर सबसे ज्यादा फिसले। वहीं महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा मोटर्स, टाइटन और एशियन पेंट्स में हल्की बढ़त देखने को मिली।
यह भी पढ़ें: बांग्लादेश में 5.7 तीव्रता का भूकंप, कोलकाता समेत बंगाल के कई जिलों में झटके महसूस; लोगों में दहशत
एशियाई बाजारों में भी गिरावट
एशियाई बाजारों में भी कमजोरी का माहौल है। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 3% से ज्यादा टूटा, जापान का निक्केई 225 2% से अधिक गिरा, शंघाई SSE और हांगकांग का हैंग सेंग भी लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं, गुरुवार को अमेरिकी बाजार भी गिरावट के साथ बंद हुए थे।
- नैस्डैक: –2.15%
- S&P 500: –1.56%
- डॉव जोन्स: –0.84%
विशेषज्ञों का कहना है कि नैस्डैक में बड़ी गिरावट इस बात का संकेत है कि आने वाले दिनों में भी बाजार में उतार–चढ़ाव जारी रह सकता है।
निवेशकों की खरीदी जारी
एक्सचेंज डेटा के अनुसार, विदेशी निवेशकों ने गुरुवार को 283.65 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे घरेलू निवेशकों ने 824.46 करोड़ रुपये की खरीदारी की इधर, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड भी 1.26% गिरकर 62.58 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
गुरुवार को रही थी तेजी
पिछले सत्र में बाजार ने मजबूती दिखाई थी। सेंसेक्स 446.21 अंक चढ़कर 85,632.68 पर बंद हुआ, निफ्टी 139.50 अंक बढ़कर 26,192.15 पर बंद हुआ।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।