Samachar Post रिपोर्टर, बिहार: बिहार के समस्तीपुर जिले में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। पटोरी नगर क्षेत्र में सड़क किनारे दो अधजले नवजात शिशुओं के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव अनुमंडलीय अस्पताल के पास कूड़े के ढेर में पाए गए, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश फैल गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों नवजात अधजली अवस्था में मिले। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को जानकारी दी। लोगों का कहना है कि देखने से ऐसा प्रतीत होता है कि नवजात को पहले कूड़े के ढेर में फेंका गया और बाद में पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश की गई, ताकि पहचान छुपाई जा सके।
अवैध नर्सिंग होम पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में सक्रिय अवैध नर्सिंग होम इस तरह की घटनाओं के लिए जिम्मेदार हो सकते हैं। उनका कहना है कि यह मामला संभवतः अवैध अबॉर्शन से जुड़ा हो सकता है, जिसके बाद नवजात को यहां फेंककर आग लगा दी गई। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस फिलहाल जांच में जुटी हुई है और कुछ भी कहने से बच रही है। हालांकि, शुरुआती आशंका यही है कि किसी अवैध नर्सिंग होम में गर्भपात के बाद नवजात को नष्ट करने के इरादे से यहां लाकर जला दिया गया। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आसपास के CCTV फुटेज तथा स्थानीय क्लिनिकों पर भी नजर रखी जा रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।