Samachar Post रिपोर्टर,बिहार: बिहार के बेगूसराय में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के मछली पकड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अब इस पर सियासत गर्मा गई है। भाजपा सांसद और अभिनेता रवि किशन ने राहुल गांधी पर चुटकी लेते हुए कहा कि उन्होंने जितनी मछलियां पकड़ी हैं, उससे भी कम वोट उन्हें मिलेंगे।
सब वोट पकड़ने में लगे हैं, वे मछली पकड़ने में व्यस्त हैं – रवि किशन
रवि किशन ने मजाकिया लहजे में कहा कि “सब वोट पकड़ने में लगे हैं और राहुल गांधी मछली पकड़ने में व्यस्त हैं।उन्होंने आगे कहा, मछली ठीक से पकड़ नहीं पाए तो क्या हुआ, कम से कम उनकी तैराकी का अंदाज तो अच्छा था। सांसद ने दावा किया कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में NDA ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगा। उन्होंने कहा कि जनता का पूरा समर्थन एनडीए के साथ है और इस बार गठबंधन अब तक की सबसे ज्यादा सीटें जीतने जा रहा है।
यह भी पढ़ें :तेलंगाना में दर्दनाक सड़क हादसा: बस-ट्रक टक्कर में 3 महीने के बच्चे समेत 19 की मौत, 20 घायल
शाहनवाज़ हुसैन ने की रवि किशन की तारीफ
भाजपा के वरिष्ठ नेता शाहनवाज़ हुसैन ने रवि किशन की तारीफ करते हुए कहा कि बिहार के लोगों ने उन्हें सुपरस्टार बनाया है और अब वे जनता को “सुपरस्टार मुख्यमंत्री” दिलाने के लिए मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि रवि किशन बिहारियों के दिलों में बसते हैं और उनके जज़्बे की मिसाल हैं।
राहुल गांधी का मछुआरों संग संवाद
राहुल गांधी ने रविवार को बेगूसराय में मछुआरा समुदाय के साथ पारंपरिक तरीके से मछली पकड़ने की रस्म में हिस्सा लिया था।इस दौरान वह तालाब में उतरकर स्थानीय मछुआरों के साथ जाल और हाथों से मछली पकड़ते नजर आए। उनके साथ वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी, कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार और महागठबंधन के अन्य नेता भी मौजूद थे। राहुल गांधी ने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पोस्ट में लिखा मुकेश सहनी जी के साथ आज बेगूसराय में मछुआरा समुदाय से मिलकर बहुत अच्छा लगा। उनकी मेहनत और लगन प्रेरणादायक है। बिहार की नदियां और मछुआरे राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं।
राजनीतिक बयानबाज़ी हुई तेज़
जहां कांग्रेस समर्थक राहुल गांधी की सादगी की सराहना कर रहे हैं, वहीं भाजपा नेताओं ने इसे “राजनीतिक नौटंकी” बताते हुए निशाना साधा है।राहुल गांधी का यह अनोखा प्रचार अभियान अब बिहार की राजनीति में नया रंग भर रहा है।
Reporter | Samachar Post